जिला पंचायत सीईओ बाढ़ प्रभावित गाँवों में पहुँचे, लोगों को बताया जल्द वितरित होगी राहत
ग्वालियर। पेयजल स्त्रोतों के समीप साफ-सफाई रखें और गंदा पानी जमा न होने दें। गंदे पानी में मच्छर पनपते हैं और विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। यह बात जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किशोर कान्याल ने भितरवार जनपद पंचायत के बाढ़ प्रभावित गाँवों के भ्रमण के समय ग्रामीणों को समझाते हुए कही। उन्होंने कहा बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वेक्षण लगभग पूर्ण हो चुका है। आप सबको जल्द ही राहत वितरित की जाएगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किशोर कान्याल बुधवार को जनपद पंचायत भितरवार के ग्राम आदमपुर, फतेहपुर व पुट्टी इत्यादि गाँवों में पहुँचे थे। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सभी बाढ़ प्रभावित गाँवों में विशेष तौर पर मच्छर व कीटनाशक दवाईयों का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम फतेहपुर में सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निरीक्षण किया। श्री कान्याल ने ग्राम पुरी में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी भी देखी और कार्य एजेन्सी को निर्देश दिए कि टंकी का काम जल्द से जल्द पूर्ण कराएँ, जिससे राज्य शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को अपने घर में ही नल की टोंटी से पानी मिल सके।