अखबार पंजीयन के नाम पर रिश्वत लेते कलेक्ट्रेट का क्लर्क गिरफ्तार
ग्वालियर। जिला कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 एक क्लर्क को पत्रकार से 900 रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पत्रकार सौरभ सक्सेना अपने अखबार के पंजीयन के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 रविंद्र राजपूत से मिला था। लेकिन 2 महीने से रविंद्र राजपूत उसे टहला रहा था। आखिरकार रविंद्र राजपूत ने पत्रकार सौरभ सक्सेना से पंजीयन में मदद करने के एवज में 1000 रुपए की रिश्वत मांगी। इसकी शिकायत पत्रकार सौरव सक्सेना ने लोकायुक्त पुलिस में की। सौरभ पहली किश्त में क्लर्क राजपूत को सौ रुपये दे चुका था। लोकायुक्त पुलिस ने ऑडियो टेप देकर मामले की पुष्टि की। इसके बाद बुधवार सुबह कार्यालय खुलने के दौरान आवेदन कर्ता सौरभ सक्सेना कलेक्ट्रेट पहुंचा और उसने क्लर्क रविंद्र राजपूत से संपर्क किया। जैसे ही सौरभ ने 900 रुपए की दूसरी किश्त रविंद्र राजपूत को दी, सादा कपड़ों में तैनात लोकायुक्त पुलिस ने उसे पकड़ लिया। लोकायुक्त निरीक्षक राघवेंद्र सिंह तोमर के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार उन्मूलन की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।