पाकिस्तान में अब महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा पर किया कट्टरपंथी ने हमला, प्रतिमा क्षतिग्रस्त
नई दिल्ली। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हमले आम बात है लेकिन अब मूर्तियों और मंदिरों पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं। हाल ही में एक हिंदू मंदिर में भीड़ ने हमला कर मूर्तियों को तोड़ा था। अब एक नई घटना सामने आई है जिसमें लाहौर में महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा को एक पाकिस्तानी कट्टरपंथी ने ध्वस्त कर दिया। इस हमले के बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की किरकिरी हुई है। पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री फवान चौधरी हुसैन ने इस घटना पर जहां नाराजगी जताई है तो वहीं प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सहायक शाहबाज गिल ने कहा है कि यह बीमार मानसिकता के लक्षण है। ऐसे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने कट्टरपंथी समूह तहरीक-ए-लब्बैक के सदस्य रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री ने महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा को पूर्व स्थिति में स्थापित करने की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 19 वीं सदी के सिख शासक महाराजा रणजीत सिंह की लाहौर किले में अश्वारोही प्रतिमा को तोड़ते हुए उक्त कट्टरपंथी युवक ने उखाडकर गिरा दिया। उसकी इस करतूत का वीडियो भी बनाया गया है, जो सोशल मीडिया पर जबर्दस्त वायरल हुआ है। इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी आ रही है। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा है कि अफगानिस्तान ही नहीं पाकिस्तान में भी तालीबानी शासन के संकेत मिल रहे हैं। सूचना प्रसारण मंत्री का कहना है कि पाकिस्तान में अनपढ़ों का यह झुंड दुनिया में पाक की छवि बिगाड़ रहा है।