VIDEO; बिजली अधिकारी-कर्मचारी 24 की हड़ताल पर
ग्वालियर। इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2021 सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार-मंगलवार की रात 12 बजे से बिजली अधिकारी और कर्मचारी एक दिन की हड़ताल पर चले गए। हालांकि अस्पताल, हाईकोर्ट और शहर में पानी की व्यवस्था के लिए बिजली सप्लाई बाधित नहीं रहेगी। हड़ताल में शासकीय और गैर शासकीय करीब 3000 कर्मचारी शामिल रहेंगे। हड़ताल में शामिल कोई भी अधिकारी और कर्मचारी सरकारी फोन नहीं उठाएगा और काम का बहिष्कार करेगा। सोमवार देर रात तक भोपाल और स्थानीय स्तर पर हड़ताल को समाप्त करने को लेकर चर्चा होती रही, लेकिन कर्मचारी मानने की तैयार नहीं हुए। विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन- इंटक ग्वालियर के क्षेत्रीय सचिव विद्याकांत मिश्रा ने कहा कि विद्युत अधिकारी और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 24 घंटे की हड़ताल पर रात 12 बजे से चले गए हैं। हड़ताल के दौरान कोई अधिकारी और कर्मचारी शासकीय फोन नहीं उठाएगा। शहर में जरुरी व्यवस्थाओं के लिए बिजली की आपूर्ति के लिए कर्मचारी काम करेंगे, लेकिन अन्य कामकाज नहीं करेंगे। हड़ताल के दौरान शासकीय काम कोई नहीं करेगा और मेंटेनेंस आदि काम के लिए कर्मचारी नहीं जाएंगे। उन्होंने बताया कि हड़ताल में शामिल होने के लिए सेन्टर इंडियन ट्रेड यूनियन्स(सीटू), केन्द्रीय कर्मचारी समन्वय समिति एवं गुक्टु के नेताओं ने हड़ताल में शामिल होने की सहमति दे दी है। हड़ताल के दौरान उपकेन्द्र एवं शिफ्ट ड्यूटी के कार्यों को अलग रखा गया है। यदि इसके बाद भी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 25 से 27 अगस्त तक काम का पूरी तरह से बहिष्कार किया जाएगा। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में विद्युत सप्लाई को सुधारने के लिए एई और जेई को स्वतंत्र रखा गया है। मप्र स्तर की अन्य मांगों में ट्रासमिशन कंपनी में लाई जा रही टीबीसीबी को रद्द करने, संविदा को नियमित करने, आऊटसोर्स का संविलियन करने, सभी अधिकारी कर्मचारियों को मुख्यमंत्री कोविड-19 कल्याण योजना में शामिल करने, बिना शर्त अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन की व्यवस्था, सभी वर्गों की पदोन्नतियां, सभी प्रकार के वेतन विसंगतियां दूर करने, सेवा निवृत उपरांत सभी प्रकार की राशि का समय से भुगतान करने, 28 फीसदी डीए प्रदान करने, पदोन्नति में लगी रोक हटाकर पदोन्नति कर रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने, गृह जिलें में पदस्थापना करने, सभी वर्गों को 50 फीसदी विद्युत छूट देने, अधोसंरचना अनुसार संगठनात्मक संरचना निर्धारित करने, सभी कंपनियों में आदेशों में एकरूपता लाने आदि शामिल है ।