VIDEO; 3 सूत्रीय मांगों को लेकर मध्यप्रदेश के पटवारी गए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पटवारी इन दिनों शिवराज सरकार से नाराज हैं। वह अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही वह आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। पटवारियों की ये हड़ताल उस समय है जब ग्वालियर-चंबल संभाग में बाढ़ पीडितों के सर्वे की जिम्मेदारी इन पर है। ऐसे में पटवारी संघ का कहना है वह बाढ़ ग्रस्त इलाकों में केवल 5 दिन काम करेगें। इसके बावजूद भी सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो उन इलाकों के भी पटवारी हड़ताल पर रहेगें। दरअसल पटवारी संवर्ग की कई वर्षों से लंबित मांगों को लेकर पटवारियों ने सामूहिक अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह राजपूत का कहना है कि शासन द्वारा जब तक हमारी न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें पूरा करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाये जाएंगे तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। आपको बता दें कि पटवारी संघ की मांग है कि वेतनमान की विसंगति को दूर करके समयमान वेतन दिया जाए, सभी पटवारियों को अपने गृह जिले में पदस्थ किया जाए, जिससे वे अपने पारिवारिक दायित्वों निभा सकें और नवनियुक्त पटवारियों के लिए सीपीसीटी के नियम की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए।