VIDEO; बाल पर्यावरण संसद के सदस्यों ने किया पौधरोपण ..
ग्वालियर। बाल पर्यावरण संसद के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभिनव पहल की है। बाल पर्यावरण संसद के 5 से 15 वर्ष के मासूम नौनिहालों ने आज प्रकृति को सुरक्षित रखने का बीड़ा उठाते हुए शारदा बाल ग्राम में पौधे रोपे। सर्वविदित है कि दुनिया में लगातार बढ़ती ग्लोबल वॉर्मिंग और खतरनाक स्तर पर पहुँचता प्रदूषण अब हर किसी को डराने लगा है। शायद यही कारण है कि अब छोटे और मासूम बच्चों को भी इसके खतरे की आहट सुनाई देने लगी है। इसी तारतम्य में रविवार को सैंकड़ों नौनिहालों ने प्रकृति के संतुलन और पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर शारदा बाल ग्राम पहाड़ी पर बड़ी संख्या में पौधे रोपे। बाल पर्यावरण संसद के बैनर तले आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय शर्मा ने की। शहर के विभिन्न हिस्सों से पौधारोपण कार्यक्रम में शिरकत करने आये मासूम कृतिका मिश्रा व वैष्णवी चौहान से जब पूछा गया कि वह पौधरोपण क्यों कर रहे हैं तो उनका कहना था कि पौधे हर कोई लगाता है और हर वर्ष हजारों की संख्या में पौधे लगाए जाते हैं लेकिन उनकी देखभाल कोई नहीं करता जिससे पौधे लगने के बाद भी लोगों की लापरवाही का शिकार बनकर खत्म हो जाते हैं। हम सभी ने आज बहुत सारे पौधे रोपे हैं और हम छह माह से लेकर एक वर्ष तक इन पौधों की सेवा करने वाले है। इन बच्चों की पर्यावरण और प्रकृति के प्रति इतनी चिंता देखकर जिले के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह निगमायुक्त शिवम वर्मा और पुलिस अधीक्षक अमित सांघी भी खुद को रोक नहीं पाए और बच्चों के साथ खुद भी पौधारोपण करने ऊँची पहाड़ी पर पहुंच गए। निगमायुक्त शिवम वर्मा ने सभी बच्चों से वन टू वन संवाद किया और कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बच्चों के इस कार्य की सराहना की। कलेक्टर ने जिले में एक लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है इस क्रम में बाल पर्यावरण संसद के सदस्यों द्वारा लगातार पौधारोपण किया जा रहा है। गौरतलब है कि बाल पर्यावरण संसद के सदस्य पिछले दिनों पक्षियों को लगातार चार महीने तक पक्षियों को दाना पानी देने की अपनी ड्यूटी को अंजाम दे चुके हैं। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बाल सदस्यों की संख्या में इजाफा मासूम नौनिहालों के मन में प्रकृति के प्रति जागरूकता का भाव जगा रहा है इससे बेहतर भविष्य के नए रास्ते खुलने की उम्मीद बढ़ी है।