18 जून को गंगादास जी की बड़ी शाला में दी जाएगी रानी लक्ष्मीबाई एवं संत शहीदों को पुष्पांजलि

ग्वालियर। सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की बड़ी शाला में कल 18 जून को सुबह 10 बजे 1857 के स्वतंत्रता समर की अमर सैनानी रानी लक्ष्मीबाई ,सिद्ध संत श्रीगंगादास जी महाराज एवं शहीद संतों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। शाला की ओर से जारी विज्ञप्ति में पंडित रामबाबू कटारे ने बताया है कि सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की शाला का ऐतिहासिक महत्व है। 1857 के स्वतंत्रता समर में जब झांसी की रानी अंग्रेजों से लड़ते हुए घायल हो गईं और वीरगति को प्राप्त हुईं तब शाला के महंत सिद्धसन्त श्री गंगादास जी महाराज ने उनकी पार्थिव देह की रक्षा करते हुए अपनी कुटिया में ही उनका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान 745 संतों ने अंग्रेजी फ़ौज से लोहा लेते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। 18 जून रानी लक्ष्मीबाई के साथ इन संतो का भी बलिदान दिवस है। सो कल प्रातः 10 बजे शाला के प्रांगण में शाला के वर्तमान महंत पूरण वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज शाला में मौजूद संतों महात्माओं पुजारी के साथ रानी लक्ष्मीबाई एवं शहीद संतों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, और उनके बलिदान को याद करेंगे। कोविड के चलते पुष्पांजलि का यह कार्यक्रम सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए किया जाएगा। महंत स्वामी रामसेवकदास जी ने शाला के श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे शाला पर एकत्रित न हों वल्कि अपने घरों में ही शहीद संतों ब रानी लक्ष्मीबाई को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद करें।