VIDEO; राम मंदिर की जमीन को लेकर घोटाले की बात बेहद निंदनीय, निष्पक्ष जांच हो - महंत रामसेवक दास जी महाराज
ग्वालियर। अयोध्या में बनने जा रहे राम मंदिर के लिए खरीदी गई जमीन को लेकर लग रहे घोटाले के आरोप पर निर्मोही अखाड़े के प्रमुख पंच और गंगादास शाला के प्रमुख महंत रामसेवक महाराज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि राम मंदिर की जमीन को लेकर घोटाले की जो बातें सामने आ रही हैं वह बेहद शर्मनाक हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए केवल संतो ने ही पैसा नहीं दिया बल्कि भारत के अलावा अन्य देशों में रह रहे राम भक्तों ने भी उसके लिए दिल खोलकर दान दिया है। ऐसे में यदि उनके पैसे को लेकर घोटाला हुआ है तो यह बेहद ही निंदनीय है। आगे महंत ने कहा कि इस मामले में निर्मोही अखाड़े के संत आगामी राष्ट्रपति से मिलेंगे और अगर आवश्यकता पड़ी तो न्यायालय की शरण भी लेंगे। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में जो लोग शामिल हैं उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। महंत रामसेवक दास महाराज ने बताया कि निर्मोही अखाड़ा ने ही सबसे पहले राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट बनाने की मांग को लेकर ग्वालियर में बैठक की थी। साथ ही उन्होंने मांग की थी कि मंदिर ट्रस्ट में कम से कम पांच संत निर्मोही अखाड़े के हों यदि ऐसा हुआ होता तो शायद यह घोटाला नहीं हुआ होता।