VIDEO; नर्सों के समर्थन में आया जूडा, विरोध सप्ताह के बाद नर्सों ने दिया सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम

ग्वालियर। अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 1 सप्ताह से विरोध प्रदर्शन कर रहीं नर्सो ने आज जयारोग्य अस्पताल परिसर में रैली निकालकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नर्सों ने 2 घंटे तक हड़ताल की और चेतावनी दी अगर सरकार की आंख अभी भी नहीं खुली तो वह अनिश्चित काल के लिए हड़ताल करेंगी। खास बात यह है कि नर्सों के समर्थन में जूनियर डॉक्टर भी आ गए हैं उन्होंने नर्सों को नैतिक समर्थन देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया है यानी संकेत दिए हैं अगर नर्स हड़ताल पर जाएंगी तो वह भी उनका समर्थन करेंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा सकती हैं। हालांकि अभी नर्सों ने आंदोलन को अल्प विराम देते हुए सिर्फ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया है। सरकार अगर जल्द ही नहीं मानी तो वह प्रदेश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की ओर बढ़ेंगी। फिलहाल नर्सों के तेवर देखकर लगता है कि मामला गंभीर है और सरकार अगर नहीं चेती तो परेशानी बढ़ सकती है। मध्य प्रदेश नर्सेज एसोसिएशन की अध्यक्ष रेखा परमार ने कहा है कि प्रदेश भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल किए जाने के लिए सभी जिलों की नर्सों से संपर्क करेंगे और जल्द ही अपना कड़ा विरोध प्रदर्शन कर सरकार को मांगे मनवाने पर मजबूर करेंगी।