VIDEO; चेम्बर के वैक्सिनेशन सेंटर में बैंड कलाकारों ने कराया वैक्सिनेशन, विशेष धुन बजाकर व्यक्त किया MPCCI का आभार

ग्वालियर। मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स के वैक्सिनेशन सेंटर में आज उस वक्त उत्सवी माहौल हो गया, जब शहर के प्रख्यात बैंड प्रतिष्ठान दयाल बैंड के कलाकारों ने न सिर्फ खुद का वैक्सिनेशन कराया बल्कि खुश होकर जनसेवा के किये जा रहे MPCCI के प्रयासों का सुमधुर धुन बजाकर आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम में वैक्सिनेशन वायरस पर विजय पाने का प्रमुख हथियार है। इसी कड़ी में देशभर में वैक्सिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स भी मानवसेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। अगर बात करें चेम्बर के इस परोपकार की तो पिछले 50 दिन में लगभग 22 हज़ार शहरवासियों का सफलतापूर्वक निशुल्क वैक्सिनेशन कराया गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार ग्वालियर की आबादी तकरीबन 16 लाख है और आज तक करीबन 5 लाख लोग यानी एक तिहाई आबादी का वैक्सिनेशन सम्पन्न हो चुका है। मंगलवार को चेम्बर ऑफ कॉमर्स परिसर में आयोजित किये जा रहे वैक्सिनेशन सेंटर में जिले के प्रख्यात बैंड प्रतिष्ठान दयाल बैंड के कलाकार वैक्सिनेशन कराने पहुचे। इस अवसर की खासियत यह रही कि वैक्सिनेशन कराने के बाद बैंड कलाकारों ने MPCCI यानी मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सम्मान में एक विशेष और सुमधुर धून बजाकर उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर वैक्सिनेशन सेंटर का माहौल उत्सव-सा हो गया। इस दौरान चेम्बर के मानसेवी सचिव प्रवीण अग्रवाल वैक्सिनेशन का लाभ लेने पहुचे बैंड कलाकारों के अलावा बड़ी संख्या में शहरवासी भी मौजूद रहे।