विरोध सप्ताह ; आंदोलनकारी नर्सों की दो टूक, सरकार ने मांगे नहीं मानी तो सड़क पर उतरकर करेंगी विरोध, देखें वीडियो
ग्वालियर। अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर मध्य प्रदेश नर्सेस एसोसिएशन के बैनर तले आंदोलन कर रही नर्सों ने प्रदेश सरकार को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सरकार उनकी मांगे माने अन्यथा वे सड़क पर उतर कर विरोध करने को मजबूर हैं। हालांकि नर्सों ने मरीजों की परेशानी को देखते हुए यह भी कहा कि वह संकट के समय काम बंद कर हड़ताल नहीं करना चाहती। लेकिन सरकार का रवैया उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर रहा है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष रेखा परमार ने मीडिया और सामाजिक संगठनों से उनके हक में आवाज बुलंद करने का आग्रह किया है। आंदोलनकारी नर्सों का साफ कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नर्सों के रुख से साफ जाहिर है कि इस बार नर्स अपनी मांगों को लेकर सरकार से आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। पदाधिकारियों का दावा है कि नर्सेस पहले कई बार ज्ञापन देकर अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपना पक्ष रख चुकी हैं, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को दरकिनार कर उनसे वादाखिलाफी की है। यहां बता दें नर्सेस पिछले 5 दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही हैं, यह उनका चरणबद्ध आंदोलन है और अंतिम विकल्प उनके पास अनिश्चितकालीन हड़ताल है जो मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।