1857 के शहीद संतों की याद में नहीं होगी श्रीमद भागवत कथा

ग्वालियर। सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की बड़ी शाला में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में झांसी की रानी की पार्थिव देह की रक्षा करते हुए शहीद हुए संतों की याद में हर वर्ष होने वाली श्री मद भागवत कथा का आयोजन इस वर्ष कोरोना महामारी के चलते टाल दिया गया है। जैसा कि आपको विदित है कि हर वर्ष शहीद संतों की याद में लक्ष्मी बाई कॉलोनी स्थित सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की बड़ी शाला में 11 जून से 18 जून तक श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाता था। पिछले वर्ष भी कोरोना महामारी के कारण केवल श्रीमद भागवत का मूल पाठ किया गया । लेकिन इस बार कोरोना की गाइड लाइन की बंदिशों के कारण कथा का आयोजन संभव नहीं है। शहीद संतों की याद में अब केवल अखंड राम नाम संकीर्तन किया जा रहा है। अब 18 जून को रानी झांसी के बलिदान दिवस पर शाला के महंत पूरण वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी शाला में मौजूद संतों के साथ बलिदानी संतों एवं रानी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम में अन्य लोग शामिल नहीं होंगे।