VIDEO; 10 सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सों का 'विरोध सप्ताह' शरू

ग्वालियर। जूनियर डॉक्टरों के बाद अब प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की नर्सिंग स्टाफ ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। नर्सेस ने अपना आंदोलन मप्र नर्सेस एसोसिएशन के बैनर तले शुरू किया है। नर्सेस एसोसिएशन की प्रदेशाध्यक्ष रेखा परमार के मुताबित अपनी मांगों को लेकर आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, जीआरएमसी के डीन, जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक एवं मानसिक आरोग्यशाला के संचालक को ज्ञापन सौंपा गया है। जिसके तहत बुधवार से विरोध सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी तारतम्य में विरोध सप्ताह के पहले दिन प्रदर्शनकारी नर्सों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। गुरुवार को भी काली पट्टी बांधकर काम करेंगी। 11 जून को पीपीई किट में प्रदर्शन, 12 जून को मानव शृंखला, 13 जून को गांधीवादी तरीके से लोगों से क्षमा मांगकर, 14 जून को धरना और 15 जून को 2 घंटे का काम बंद करके अपना विरोध जताएंगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा है अगर मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए प्रदेश भर से समर्थन जुटाया जाएगा। नर्सेस का कहना है 10 सूत्रीय मांगों में पे ग्रेड, इंक्रीमेंट, नाइट अलाउंस, नर्सों की नियुक्ति के साथ ही पदनाम बदलने की मांग भी मुख्य रूप से शामिल है। मध्यप्रदेश में नर्सेज को पदनाम के माध्यम से स्टाफ नर्स कहा जाता है। जबकि केरल, तमिलनाडु जैसे राज्यों में नर्सेज ऑफिसर के नाम से उन्हें जाना जाता है जिसके चलते उनके मानदेय में भी बढ़ोतरी होती है। इसलिए पदनाम बदलने की मांग नर्सेज सालों से करती आ रही है। नर्सेज एसोसिएशन ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। आपको बता दें कि एमपी के 13 मेडिकल कॉलेज और सैकड़ों सरकारी अस्पताल में तय मापदण्डों के अनुसार नर्सों की कमी है। प्रदेश के इन सभी मेडिकल कॉलेज और सरकारी अस्पतालों में परमानेंट नर्स की मौजूदा संख्या 28 हजार से 30 हजार है। जबकि मौजूदा स्थिति में प्रदेश में 50 से 60 हजार नर्सों की जरुरत है। सरकार ने तीस हजार के लगभग पदों पर नर्सेज की परमानेंट नियुक्ति करके रखी है। लेकिन बचे हुए 15 हजार से 20 हजार पदों पर संविदा आधार के द्वारा नियुक्ति किए जाने का प्रावधान रखा है। जिसका जिम्मा एनएचएम को दिया गया है। ऐसे में प्रदेश में 4000 से अधिक पद अभी भी खाली हैं जिन पर नर्सों की नियुक्ति नहीं हुई है।