VIDEO: अखंड संकीर्तन से कोरोना मुक्ति की कामना, कोरोना काल में सामाजिक सरोकार निभा रही श्री गंगादास जी की बड़ी शाला

ग्वालियर। शहर का प्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक स्थल सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला अपने धार्मिक क्रियाकलापों के साथ मानवता की सेवा करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। कोरोना महामारी के दौर में अपनी जीविका के लिए परेशान कोई दर्जन भर नेत्रहीन बच्चों व युवाओं को शाला में आश्रय देकर न केवल उनके भोजनादि की व्यवस्था की गई है। बल्कि अखंड नाम संकीर्तन बच्चों द्वारा 24 घंटे रामनाम संकीर्तन करा जा रहा है। यह संकीर्तन मानव कल्याण व कोरोना महामारी को समाप्त करने के मकसद से शुरू किया गया है। शाला से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मुरार स्थित अंधाश्रम में रहकर अध्यापन कर रहे कोई एक दर्जन किशोर व युवाओं के सामने कोरोना के दौर में खाने पीने का संकट संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल शाला के महंत स्वामी रामसेवकदास जी से संपर्क किया और नेत्रहीन बालकों की मदद का आग्रह किया। सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव आग्रही रहने वाले महंत ने तत्काल इन बच्चों के शाला में रहने की अनुमति दे दी। साथ ही भोजन आदि सभी इंतजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार अंधाश्रम के ये बालक चूंकि संगीत के जानकार हैं, सो तत्काल ही अखंड नाम संकीर्तन आयोजन समिति बनाकर इसमें शहर के ऐसे लोगों को जोड़ा गया, जो धार्मिक प्रवृत्ति के थे। नेत्रहीन बच्चों ने श्रीराम नाम का अखंड संकीर्तन शुरू कर दिया। गुड़ी पड़वा से शुरू हुआ यह संकीर्तन अनवरत जारी है। आयोजन द्वारा जुटाई गई दान राशि इन्हीं नेत्रहीन बच्चों को दी जाएगी। इसके साथ ही अखंड ज्योति भी शाला में स्थापित की गई । सुबह से शाम और पूरी रात शाला का परिसर रामनाम संकीर्तन से गुंजायमान रहता है। बच्चे जब अलग-अलग धुनों में रामनाम संकीर्तन करते हैं तो कानों में मिसरी सी घुल जाती है। अखंड संकीर्तन मानव कल्याण के लिए यज्ञ शाला के महंत स्वामी रामसेवकदास जी का कहना है कि रामनाम संकीर्तन एक यज्ञ है। जो मानव कल्याण के लिए शुरू किया गया है। इससे नेत्रहीन बच्चों को भोजन व मानदेय तो मिल ही रहा है, लोगों में सेवा की भावना भी पैदा हो रही है। कोरोना महामारी जल्द से जल्द समाप्त हो, इसके लिए अखंड कीर्तन शुरू किया गया है। जब तक सामर्थ्य है, तब तक चलेगा।