VIDEO: बिजली कार्मिकों को भी मिला 'कोरोना योद्धा' का दर्जा, ऊर्जा मंत्री ने माना मुख्यमंत्री का आभार
ग्वालियर। अब बिजली विभाग के कार्मिक भी कोरोना योद्धा होंगे। मप्र शासन ने इस आशय का आदेश जारी किया है। वहीं विभागीय कार्मिकों को कोरोना योद्धा का दर्जा दिए जाने पर ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। रविवार को ऊर्जा विभाग के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी एस.के.शर्मा के हस्ताक्षर से उक्त आदेश जारी किया गया। आदेश में उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना पुनः दो माह के लिए 1 अप्रेल 2021 से लागू की गई है। जिसका लाभ अब बिजली विभाग के कार्मिकों को भी मिलेगा। वहीं आदेश जारी होने के बाद ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना में अब ऊर्जा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। इसके लिए वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही ऊर्जा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों से कोविड नियमों का पालन करते हुए विशेषकर मुंह पर मास्क लगाकर कार्य करने का आग्रह किया है और उनके स्वस्थ्य व प्रसन्नचित रहने की कामना की है। यहां बता दें कि पिछले दिनों बिजली विभाग के अधिकारी- कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर से उनके सरकारी बंगले पर मुलाकात कर उन्हें भी मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना का लाभ दिए जाने का आग्रह किया था। (फाइल फोटो)