VIDEO: गंगादास जी की बड़ी शाला में श्रद्धा भक्ति से मनी हनुमान जयंती

ग्वालियर। शहर के प्राचीन धार्मिक स्थल सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला में आज भगवान श्री राम के परमभक्त पवनपुत्र हनुमान जी का जन्मोत्सव परंपरागत श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया। शाला के महंत पूरण वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज ने सुबह के शुभ मुहूर्त में शाला के साधु संतों के साथ हनुमान जी का पूजन एवं अभिषेक किया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर श्री हनुमान जी से कामना की क़ि वे देश और समाज को कोरोना महामारी से मुक्ति दिलाएं। इस अवसर पर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ भी किये गए। शाला के महंत स्वामी रामसेवक दास जी ने कहा है कि कलियुग में हनुमान जी महाराज ही हम सबकी रक्षा करने वाले हैं । वे चिरंजीवी हैं और मंगलकारी होने के साथ संकट मोचक हैं। उनकी पूजा से शनि का प्रकोप भी नहीं होगा। उनकी पूजा समस्त संकटों से मुक्ति दिलाएगी।