मद्रास हाईकोर्ट की कड़ी फटकार, कोरोना की दूसरी लहर के लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार
चेन्नई। मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एस बनर्जी ने चुनाव आयोग को ही कोरोना की दूसरी लहर के लिए जिम्मेदार माना है। हाईकोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारियों पर अगर हत्या का मुकदमा चलाया जाए तो गलत नहीं होगा।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि यह बहुत ही गंभीर बात है कि लोग जब जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं तब हमें याद दिलाना पड रहा है। चुनाव आयोग की ओर से कहा गया कि चुनाव में कोरोना को लेकर बनाई गई गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन किया गया। इस पर न्यायालय ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब रैलियां निकल रही थीं और सभाएं हो रही थी तब क्या चुनाव आयोग दूसरे ग्रह पर था। जब मामले बहुत तेजी से बढ़े तब चुनाव आयोग ने रैलियों और सभाओं पर रोक लगाई। हाईकोर्ट ने कहा कि अगर मई के लिए चुनाव आयोग के पास कोई सही प्लान नहीं होगा तो मतगणना पर रोक भी लगाई जा सकती है।