VIDEO: जौरासी घाटी के पास मजदूरों से भरी बस पलटी, 3 मजदूरों की मौत

ग्वालियर। दिल्ली से छतरपुर जा रही मजदूरों से भरी ओवरलोड बस आज सुबह जौरासी घाटी के पास पलट गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई है और आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल बताये जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिला एवं पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुच गए और राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह उत्तरप्रदेश परिवहन विभाग की बस क्रमांक यूपी 93 सीटी 0586 बिलौआ थाना अंतर्गत जौरासी घाटी के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस में छतरपुर निवाड़ी के आस-पास के मजदूरों का सवार होना बताया जा रहा है। जो लॉक डाउन शुरू होने के चलते दिल्ली से छतरपुर जा रहे थे। इस हादसे में मौके पर दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। इस हादसे में तकरीबन आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस सवार मजदूरों का कहना है कि ड्राइवर शराब के नशे में था, जो तेजी से लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इसी के चलते हादसा हुआ। हालांकि परिवहन अधिकारी घटना के कारणों की जांच किये जाने की बात कर रहे हैं। हादसे में मृतकों के नाम मुकेश पुत्र आशाराम ढीमर उम्र 26 साल निवासी टीकमगढ़, मातादीन पुत्र नलवल अहिरवार उम्र 37 साल निवासी टीकमगढ़ और जीतेन्द्र पुत्र किशनलाल अहिरवार उम्र 22 साल बताये जा रहे हैं। इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही मप्र परिवहन विभाग के एडिशनल कमिश्नर अरविंद सक्सैना, एसपी अमित सांघी, डबरा एसडीएम प्रदीप शर्मा व बचाव दल मौके पर पहुच गया। हादसे के बाद मौके पर चीख चीत्कार मच गई। शुरुआत में बस के नीचे यात्रियों के दबे होने की आशंका जताई जा रही थी। मौके पर पहुचे अधिकारियों ने तुंरन्त क्रेन की मदद से बस को उठवाया। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम हाउस के लिये रवाना किया तथा घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल भेजा गया। हादसा किन कारणों के चलते हुआ स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन प्रारंभिक जानकारी अनुसार हादसे के लिए ड्राइबर का लापरवाही पूर्ण ढंग से तेज गति से बस दौड़ाना बताया जा रहा है। फिलहाल घायल यात्रियों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है जिनका इलाज किया जा रहा है।