योजनाबद्ध ढंग से शहर के सभी कैंटोंमेंट क्षेत्रों में किया जा रहा सैनिटाइजेशन
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से शहर के सभी कैंटोंमेंट क्षेत्रों को सेनीटाइज करने का अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जेटिंग मशीन द्वारा सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देश पर शहर में निरंतर बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से सैनिटाइज किया जा रहा है। जिसके तहत प्रथम चरण में नगर निगम की सभी 15 जेटिंग मशीनों द्वारा शहर में बनाए गए सभी कैंटोंमेंट क्षेत्रों के प्रत्येक भवन पर सेनीटाइजर का छिड़काव किया गया। उल्लेखनीय है कि नगर निगम अमले द्वारा शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के घर पर पर्चे आदि चिपकाकर उनके घर के बाहर वेरीकेटिंग की जा रही है और संबंधित क्षेत्र को कैंटोंमेंट क्षेत्र घोषित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न कॉलोनियों में संक्रमित मरीजों के घर के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के मकानों एवं भवनों पर सैनिटाइजर छिड़ककर सैनिटाइज किया जा रहा है। इस अभियान में निगम की 15 जेटिंग मशीनों द्वारा गोविंदपुरी, कृष्णा विहार, हरिशंकर पुरम, यशोधरा रेसिडेंसी, हर्ष नगर, साकेत नगर, सत्यदेव नगर, मीरा नगर, सुरेश नगर, नारी निकेतन महिला पुनर्वास केंद्र, चंद्रबदनी का नाका, बजरंग नगर, कबीर कॉलोनी, अल्पना टॉकीज के आसपास का क्षेत्र, बैंक कॉलोनी, रक्षा विहार कॉलोनी, आर पी कॉलोनी, अशोक विहार, पुराना हाई कोर्ट, न्यू विवेक नगर, गिरवाई, श्रीनगर कॉलोनी,घांसमंडी, कोटेश्वर कॉलोनी इत्यादि क्षेत्रों के लगभग 6000 भवनों को सैनिटाइज किया गया।