निगम अमले ने अभियान चलाकर शहर से हटाए बिना अनुमति लगे पोस्टर, बैनर व कट आउट

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण एवं संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत शहर में बिना अनुमति लगे पोस्टर बैनर व कट आउट आदि हटाने को लेकर अभियान चलाकर कार्रवाई की गई जिसके तहत आज निगम के मदाखलत अमले द्वारा 600 - 700 पोस्टर बैनर व कटआउट हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर शहर के सौंदर्यीकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत भी बिना अनुमति शासकीय संपत्ति पर पोस्टर बैनर आदि लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है जिसके तहत आज उपायुक्त श्री सत्यपाल सिंह चौहान के निर्देशन में मदाखलत अमले द्वारा तीनों विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अवैध रूप से लगे पोस्टर बैनर हटाए गए जिसके तहत ग्वालियर पूर्व विधानसभा के अंतर्गत गोविंदपुरी , मेला रोड, गोला का मंदिर, भिंड रोड, मैदा मील रोड, दीनदयाल नगर , महाराज पुरा, पिंटो पार्क रोड, मुरार, बारादरी चौराहा, सिरोल रोड़ आदि क्षेत्रों से झंडी बैनर निकलने की कार्यवाही की गई। कार्रवाई के तहत लगभग 60 झंडी, बैनर हटाए गए। वहीं ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ाव चौराहे होते हुए फूल बाग चौराहे से साई बाबा मंदिर रोड सेवा नगर होते हुए किला गेट चौराहा से हजीरा रोड होते हुए , बिरला नगर चौराहा से बिरला नगर पुल होते हुए चार शहर का होते हुए सागर ताल रोड से आनंद नगर चौराहा तक 150 से 200 के बीचे में बैनर हटवाए गए। इसके साथ ही दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ऊन्ट पुल, पाटनकर चौराहा, राम मंदिर चौराहा, नई सड़क, दौलतगंज, सराफ़ा बाजार, गोल पहाड़िया सहित आदि स्थानों से खम्बो एव शासकीय दीवारो पर लगे अवैध कट आउट, पोस्टर, बेनर आदि को मदाखलत दल द्वारा हटवाया गया। 200 के लगभग छोटे बैनर, 20 बड़े बैनर एवं 30 से 40 कटआउट व पोस्टर आदि हटाने की कार्रवाई की गई।