शहर की सफाई व्यवस्था में कतईं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी - निगमायुक्त शिवम वर्मा
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा ने आज नदीगेट, शिंदे की छावनी, निर्धन नगर आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आम जनों से चर्चा कर शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही वार्ड माॅनिटर व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर की साफ सफाई व्यवस्था में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। निगमायुक्त शिवम वर्मा ने गुरुवार प्रातः शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को देखा और स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर कचरा वाहन के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि शहर को साफ व स्वच्छ रखने में सहयोग प्रदान करें। इसके साथ ही निगमायुक्त ने लोगों से कहा कि यदि सफाई व्यवस्था में कोई परेशानी हो तो जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सूचित करें। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त श्री वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं वार्ड मॉनिटरों को निर्देशित किया कि वह अपने अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के लिए नियमित रूप से निगरानी करें और कहीं भी लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्यवाही करें।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त के साथ अपर आयुक्त श्री नरोत्तम भार्गव, परियोजना अधिकारी श्री शिशिर श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त श्री केशव सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नई सडक, बावन पायगा, बाडा आदि क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था व शौचालायों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। उन्होंने कहा समय पर शौचालयों में सफाई करें, शौचालयों में पर्याप्त पानी की व्यवस्था होना चाहिए। आमजन को शौचालयों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।