हाईकोर्ट ने डॉक्टर की याचिका खारिज कर लगाया 10000 का हर्जाना

ग्वालियर । हाईकोर्ट में डॉक्टर वीरेंद्र कुमार गौर द्वारा तथ्यों को छुपाते हुए प्रस्तुत की गई याचिका को 10000 रुपये का हर्जाना लगाते हुए खारिज कर दिया है। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि न्याय का यह सिद्धांत है कि न्याय पाने के लिए व्यक्ति को स्वच्छ हाथों से आना चाहिए, ऐसा ना होने पर तथा प्रकरण के तथ्य को देखते हुए याचिका को खारिज किया जाता है । न्यायमूर्ति श्री जी एस अहलूवालिया ने कहा कि जिन तथ्यों को लेकर यह याचिका प्रस्तुत की गई है उसी प्रकार की याचिका याचिकाकर्ता द्वारा पूर्व में प्रस्तुत की जा चुकी है जिसे खारिज किया जा चुका है जबकि याचिकाकर्ता द्वारा इस तथ्य को छुपाते हुए कहा गया कि यह उसका पहला आवेदन है। याचिकाकर्ता डॉक्टर द्वारा यह याचिका के खिलाफ की गई कार्यवाही को निरस्त करने के निवेदन के साथ प्रस्तुत की गई थी। एडवोकेट पुरुषोत्तम राय ने प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि डबरा थाने मे रागिनी पांडे पर मुकेश पाराशर के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, बाद में जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में धारा 307 जोड़ दी थी। रागिनी पांडे ने उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए प्रस्तुत याचिका में कहा था की जिस समय यह घटना बताई गई है उस समय वह अस्पताल में भर्ती थी इसलिए उसे अग्रिम जमानत प्रदान की जाए । रागिनी पांडे द्वारा आवेदन के साथ मेडिकल सर्टिफिकेट प्रस्तुत किया था जिसमें उसके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी थी यह सर्टिफिकेट डॉ वीरेंद्र कुमार गौर द्वारा जारी किया गया था। इस सर्टिफिकेट के आधार पर उच्च न्यायालय में रागिनी पांडे को अग्रिम जमानत का लाभ दिया था। बाद में फरियादी मुकेश पाराशर में न्यायालय में एक आवेदन प्रस्तुत कर कहा रागिनी पांडे ने जो सर्टिफिकेट प्रस्तुत किया है वह फर्जी है। फरियादी मुकेश पाराशर ने घटना के बाद के थाने के फुटेज निकलवाए जिसमें आरोपी रागिनी पांडे थाने में मौजूद थी। पुलिस रोजनामचा में भी इसका उल्लेख था । न्यायालय के निर्देश पर शासन द्वारा इस मामले मैं जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई इसमें कहा गया के सर्टिफिकेट फर्जी है । इस मामले में डॉ वीरेंद्र कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी तथा अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया।