VIDEO: सीआरपीएफ की 244 बटालियन ने मनाया दूसरा स्थापना दिवस, ग्रुप सेंटर में आयोजित हुए रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

ग्वालियर। सीआरपीएफ की 244 बटालियन द्वारा स्थापना दिवस की दूसरी वर्षगांठ पनिहार स्थित सीआरपीएफ कैंप में पूरे उत्साह के साथ मनाई। इस अवसर पर विभिन्न रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कड़ी में सर्वप्रथम वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजित किया गया। इस मौके पर श्रीमती मंजू पत्नी वेद प्रकाश, कमांडेंट एवं उपस्थित बटालियन के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण व उनके परिजन शामिल हुए । स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष सैनिक सम्मेलन का आयोजन हरिशंकर तिवारी, द्वितीय कमान अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान महानिदेशक द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेश एवं बटालियन के कमांडेंट द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश को पढ़कर सुनाया गया। कार्यक्रम के दौरान हरि शंकर तिवारी ने बटालियन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जवानों की उन्नति एवं उनकी खुशहाली की कामना की। 244 बटालियन के स्थापना दिवस के मौके पर शाम को वालीबाल मैच का भी आयोजन किया गया। स्थापना दिवस पर आयोजित किये गए कार्यक्रमों के तारतम्य में संध्या बेला में ग्रुप सेंटर परिसर में स्थित तानसेन क्लब में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रजनीश अहलावत, कमांडेंट ग्रुप केंद्र ग्वालियर एवं अन्य उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में 244 बटालियन के जवानों और उनके बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। यहां बता दें वर्तमान में सीआरपीएफ की 244 बटालियन देश के महत्त्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा में तैनात है।