होली की दौज पर भगवान चित्रगुप्त एवं कलम-दवात का पूजन संपन्न

ग्वालियर। हकीम देवी प्रसाद रामप्यारी ट्रस्ट चित्रगुप्त धाम मंदिर कायस्थ छात्रावास दौलतगंज परिसर में आज होली की दौज के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त एवं कलम-दवात की पूजा-अर्चना यज्ञ पूजन कर सम्पन्न की गई। संस्था के सचिव अरुण कुलश्रेष्ठ ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यज्ञ के मुख्य यजमान दिनेश कुमार कुलश्रेष्ठ रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जीडीए के पूर्व अध्यक्ष एवं हकीम देवी प्रसाद रामप्यारी ट्रस्ट के अध्यक्ष अभय चौधरी ने की। इस मौके पर यज्ञ एवं पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित राजेश्वर राव ने संपन्न कराया। इससे पहले पंडित राजेश्वर राव ने यज्ञ की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यज्ञ में जो हवन सामग्री उपयोग की जाती है, उससे प्राकृतिक रूप से हमारा वातावरण शुद्ध होता है। क्योंकि यज्ञ के दौरान निकलने वाले धूएं से वातावरण में घुले बीमारी फैलाने वाले कीटाणुओं का नाश होता है। आयोजन की खास बात यह रही कि यज्ञ हवन पूजन का कार्यक्रम पूर्णतः मध्यप्रदेश शासन की कोविड गाइड लाइन के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क लगाकर किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सुरेंद्र खरे, आकाश श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, संजीव कुलश्रेष्ठ, डॉ. मयंक श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव आदि कायस्थ जन उपस्थित रहे।