उज्जैन में सबसे पहले महाकाल बाबा के आँगन में हुआ होलिका दहन, संध्या आरती में चढ़ाया गया बाबा को रंग-गुलाल

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आज संध्या पूजन व आरती के बाद परम्परागत ढंग से होलिका दहन का किया गया। मंदिर परिसर में पुजारी घनश्याम गुरु व अन्य पुजारियों की मौजूदगी में सर्वप्रथम होलिका पूजन किया गया और इसके बाद होलिका दहन हुआ। कोरोना संक्रमण से बचाव के चलते इस वर्ष मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया। इसलिए पहली बार बाबा के दरबार में बगैर श्रद्धालुओं के होलिका उत्सव मनाया गया। पुजारियों द्वारा बाबा महाकाल की पूजन-आरती के बाद बाबा को रंग-गुलाल चढ़ाया गया। इस अवसर पर पूजारियान समिति अध्यक्ष श्री विजय गुरु, पुरोहित समिति अध्य्क्ष श्री अशोक गुरु, श्री संजय पुजारी, श्री प्रदीप पूजारी आदि उपस्थित थे। व्यवस्था में सभी नियम अनुपालन हेतु श्री पूर्णिमा सिंघी, श्री मूलचंद जूनवाल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी श्री आर.के. तिवारी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, श्री महाकालेश्वर मंदिर ने दी है।