कोरोना से निपटने कायस्थ महिला संगठनों ने चलाया थाटीपुर क्षेत्र में जन जागरण अभियान

ग्वालियर। शहर के विभिन्न कायस्थ महिला संगठनों द्वारा आज फुहार चित्रांश महिला मंडल के नेतृत्व में थाटीपुर क्षेत्र में नागरिकों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करने तथा मास्क लगाने के लिए जन जागरण अभियान चलाया गया। उक्त आशय की जानकारी श्रीमती डॉ अंजलि रायजादा पूर्व मेयर इन काउंसिल सदस्य, नगर निगम ग्वालियर द्वारा प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दी गई। उन्होंने बताया कि फुहार चित्रांश महिला मंडल की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को द्वारकाधीश मंदिर थाटीपुर से संपूर्ण थाटीपुर क्षेत्र बजरिया तथा स्लम बस्तियों में जाकर नागरिकों को करोना वैक्सीनेशन कराने के लिए जन जागरण किया गया। जिन नागरिकों के द्वारा बिना मास्क के व्यवसाय किया जा रहा था, उन्हें गुलाब के फूल के साथ मास्क भी भेंट किए गए। श्रीमती राजयादा ने कहा कि कोरोना से निबटने में अकेला शासन एवं चिकित्सा जगत ही सक्षम नहीं है। समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर कोरोना नामक महामारी से लड़ाई लड़ना होगी। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक बुजुर्ग का तथा 45 वर्ष के ऊपर के सभी नागरिकों का सघन वैक्सीनेशन हो। जागरूकता अभियान में डॉ अंजली रायजादा के अलावा श्रीमती भूमिका श्रीवास्तव मीडिया प्रभारी भारतीय जनता पार्टी रामकृष्ण मंडल, श्रीमती भैरवी श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष रामकृष्ण मंडल, श्रीमती दीप्ति सक्सेना वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, श्रीमती मीनू सक्सेना, श्रीमती अलका सक्सेना, स्मृति श्रीवास्तव, तृप्ति भटनागर, भारती श्रीवास्तव, रक्षा भटनागर, तृप्ति पांड्या, दीपाली सक्सेना, आशा खरे के साथ फुहार सामाजिक संस्था से जुड़ी अनेक सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहीं। चित्रांश फुहार महिला मंडल द्वारा बताया गया कि आगामी 1 सप्ताह तक प्रतिदिन मंडल की महिलाएं विभिन्न बस्तियों में जाकर कोरोना वैक्सीन के प्रति जन जागरण अभियान चलाएगी।