VIDEO: पांच दिनी प्रवास पर ग्वालियर आये शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती

ग्वालियर। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती आज पांच दिवसीय प्रवास पर सड़क मार्ग से ग्वालियर आये। नगरागमन पर अनुयायियों ने विक्की फैक्ट्री तिराहे पर उनकी भव्य आगवानी की। जानकारी के अनुसार जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिषपीठ एवं द्वारका शारदापीठाधीश्वर स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती रविवार शाम पांच दिवसीय प्रवास पर ललितपुर से सड़क मार्ग से ग्वालियर पहुचे। नगरागमन पर शहर के सीमावर्ती क्षेत्र विक्की फैक्ट्री तिराहे पर जगद्गुरु शंकराचार्य का बड़ी संख्या में मौजूद उनके अनुयायियों ने आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद शंकराचार्य का काफिला शिंदे की छावनी में रामबाग कॉलोनी स्थित सूर्यकांत शर्मा के निवास पर पहुचा। जहां श्री शर्मा के परिजन एवं शंकराचार्य के अनुयायियों ने उनका स्वागत करके आशीर्वाद लिया। पांच दिनी प्रवास के दौरान शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद जी अपने अनुयायियों और धर्मप्रेमी लोगों से मुलाकात करेंगे तथा 26 मार्च को सड़क मार्ग से वृंदावन के लिए रवाना होंगे।