VIDEO: हादसे में शहीद ग्रुप कैप्टन को उनके 9 वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि, जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वारी गठित

ग्वालियर। महाराजपुरा एयरबेस पर MIG-21 बाइसन क्रैश में शहीद ग्रुप कैप्टन आशीष गुप्ता का आज सुबह अंतिम संस्कार किया गया। ग्रुप कैप्टन दो साल पहले बालाकोट एयर स्ट्राइक में भी शामिल थे। देश के जाबांज को उनके 9 साल के बेटे ने मुरार मुक्तिधाम में मुखाग्नि दी। अबोध बालक को मुखाग्नि देते देख वहां उपस्थित लोगों की आंखे नम हो गईं। बुधवार दोपहर एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन आशीष गुप्ता ने महाराजपुरा एयरबेस पर फाइटर प्लेन मिग-21 बाइसन को प्रैक्टिस के लिए टेकऑफ किया था। इसी दौरान तकनीकी खराबी आने से प्लेन क्रेश हो गया। जिसमें ग्रुप कैप्टन आशीष गुप्ता शहीद हो गए थे। शहीद आशीष गुप्ता मूलतः यूपी के उरई निवासी थे, लेकिन वर्तमान में ग्वालियर में ही रह रहे थे। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार मुरार मुक्तिधाम में किया गया। शहीद को मुखाग्नि उनके 9 वर्षीय बेटे अतिन उर्फ टिनटिन ने अपने चाचा अमित के साथ दी। इस अवसर पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शहीद के अंतिम संस्कार में वायुसेना, सेना के अफसरों के अलावा कलेक्टर कौशलेेंद्र विक्रम सिंह, एसपी ग्वालियर अमित सांघी एवं एडिशनल एसपी पंकज पांडे ने भी श्रद्धांजलि दी। आशीष गुप्ता वर्ष 1999 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए थे। उनके परिवार में पत्नी छाया व दो बेटे 9 वर्षीय अतिन उर्फ टिनटिन, 3 वर्षीय आदी उर्फ आर्विक हैं। शहीद आशीष के पिता प्रकाश चन्द्र गुप्ता बैंक मैनेजर के पद से रिटायर्ड हैं और फिलहाल फैजाबाद में रहते हैं। जबकि उनकी मां कृष्णाकांती देवी टीचर थीं और 4 साल पहले उनका निधन हो गया था। वहीं वायुसेना ने घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वारी गठित कर दी है। बताया जा रहा है कि ग्रुप कैप्टन आशीष गुप्ता 26 फरवरी 2019 को सीमा पार बालाकोट एयर स्ट्राइक में आतंकवादियों के धूल चटाने वाले हीरो में भी शामिल रहे। पूरी स्ट्राइक में उनका अहम रोल रहा था। लेकिन इसका जिक्र उन्होंने कभी नहीं किया। हां अपनी पत्नी से इस बारे में जरूर कभी-कभी बतियाते थे। सीधा संवाद न्यूज़ बेबसाइट देश के जांबाज ग्रुप कैप्टन आशीष गुप्ता की शहादत पर उन्हें नमन करता है शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता है।