रागायन की सभा में खिले ख़याल और ध्रुपद गायकी के फूल

ग्वालियर। शहर की प्रतिष्ठित सांगीतिक संस्था रागायन की आज यहां सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की बड़ी शाला में हुई मासिक संगीत सभा में सुर साज के मुख़्तलिफ़ रंग देखने को मिले। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित इस सभा में ख़याल गायन से लेकर ध्रुपद गायन तक के फूल खिले। तबले की त्रिगुलबन्दी भी अनूठी रही। रागायन के अध्यक्ष एवं सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला के महंत पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुरु पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शहर के जाने माने समाजसेवी महेश मुदगल, रागायन के सचिव पंडित रामबाबू कटारे, महेंद्र सिंह सेंगर, महेशदत्त पांडेय, डॉ मुकेश सक्सेना,पूर्व पार्षद देवेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। सभा का आगाज़ मुरैना से आए पंडित सुभाष देशपांडे के शिष्य सुजल जैन के ख़याल गायन से हुआ। सुजल ने राग पूरिया धनाश्री में अपना गायन प्रस्तुत किया। उन्होंने इस राग में दो बन्दिशें पेश कीं। एकताल में निबद्ध विलंबित बंदिश के बोल थे-" लागी मोरी लगन" ।जबकि तीन ताल में द्रुत बंदिश के बोल थे- " बीत गए जुगवा"। दोनों ही बंदिशों को सुजल ने पूरे मनोयोग से गाया। गायन का समापन उन्होंने भजन -" रघुवर तुमको मेरी लाज" से किया। इस प्रस्तुति में तबले पर संजय राठौर व हारमोनियम पर संजय देवले ने बेहद सधी और मीठी संगत की। सभा की दूसरी प्रस्तुति में तबले की त्रिगुलबन्दी हुई। ग्वालियर के जाने माने तबला वादक डॉ मुकेश सक्सेना के शिष्यों योगेंद्र सिकरवार, सुमित शर्मा एवं पुनीत द्विवेदी ने बेहतरीन तबला वादन पेश किया। उन्होंने अपने वादन के लिए तीनताल का चयन किया। इसमें उन्होंने पेशकार से शुरू करके कायदे, टुकड़े चक्करदार व फरमाइशी बोल पेश किए। वादन को आगे बढ़ाते हुए तीनों ने तिहाइयाँ चलन और परनों के साथ रेला से समापन किया। इस प्रस्तुति में सारंगी पर मोहम्मद अहमद ने लहरा दिया। सभा का समापन ग्वालियर के जाने माने ध्रुपद गायक एवं ध्रुपद केंद्र ग्वालियर के गुरु अभिजीत सुखदाने के सुमधुर ध्रुपद गायन से हुआ। उन्होंने अपने गायन के लिए राग वागेश्री का चयन किया। आलाप जोड़ झाला से शुरू करके उन्होंने इस राग में दो रचनाएं ( बंदिश) पेश कीं। चौताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे-" आये रघुवीर धीर अयोध्या नगर"। जबकि जलद शूलताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे- " दोनों करतार तुम राज साज के "। उनका गायन माधुर्य से परिपूर्ण तो था ही ध्रुपद गायकी की बारीकियों से परिपूर्ण था। आलाप गाने में वे मींड धुरन मुरन का बखूबी प्रयोग करते हैं जो उनके गायन को चमकदार बनाता है। इसी तरह गमक और हुतक का भी उनके गायन में शिद्दत से इस्तेमाल भी देखने को मिलता है। आपके साथ पखावज पर जाने माने पखावज वादक संजय पंत आगले ने मणिकांचन संगत की। प्रस्तुति में तानपुरे पर आदित्य शर्मा एवं साकेत कुमार ने साथ दिया। अंत में रागायन के सचिव पंडित रामबाबू कटारे ने सभी का आभार व्यक्त किया।