ओबीसी को नहीं दिया जा सकता 14 प्रतिशत से अधिक आरक्षण

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ ने प्रोफेसरों की भर्ती में आरक्षण को लेकर दी गई चुनौती पर शासन एवं विश्वविद्यालय को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही न्यायालय ने अपने आदेश में कहा है कि इस भर्ती में पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत से अधिक आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। तथ्यानुसार जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा प्रोफेसरों की भर्ती के लिए 4 फरवरी 2021 को निकाले गए विज्ञापन में पिछड़ा वर्ग की भर्ती के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण गया दिया है। इस आरक्षण को डॉ राममोहन सिंह भदौरिया ने चुनौती देते हुए कहा है कि विश्वविद्यालय द्वारा नियम विरूद्ध आरक्षण दिया जा रहा है। याचिका में कहा गया है पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत से अधिक आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। इस कारण विश्वविद्यालय द्वारा की जाने वाली भर्ती लटक सकती है। जीवाजी विश्वविद्यालय इस भर्ती के माध्यम से प्रोफेसरों के 67 पद भरने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि एमपीपीएससी में भी पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर मामला कोर्ट में लंबित होने से पिछले सत्र की परीक्षाएं भी नहीं हो सकी है। आरक्षण के विवाद के कारण परीक्षा देने वाले छात्र काफी परेशान है।