VIDEO: पूर्व केंद्रीय मंत्री माधव राव सिंधिया के 76 वे जन्म दिवस पर 10 मार्च को होगा पुष्पांजलि सभा एवं भजन संध्या का आयोजन

ग्वालियर। पूर्व केंद्रीय मंत्री माधव राव सिंधिया के 76 वे जन्मदिवस पर 10 मार्च को पुष्पांजलि सभा एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर उनके सुपुत्र, राज्यसभा सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया उपस्थित रहेंगे। उक्ताशय की जानकारी पत्रकारवार्ता में सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल व बाल खांडे ने संयुक्त रूप से दी। जानकारी अनुसार 10 मार्च को कटोराताल के सामने अम्मा महाराज की छतरी स्थित स्वर्गीय माधव राव सिंधिया के समाधिस्थल पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर सायंकाल 7:30 बजेे नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ राज्यसभा सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस अवसर पर भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के सुप्रसिद्ध गायक राजेन्द्र पारिख, श्रीमती शिन्नी कालविंट और डॉ. वीणा जोशी तथा अंकिता कैलासिया प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में सिंधिया परिवार की परम्परानुसार राज्यसभा सदस्य श्री सिंधिया चारों धर्मगुरुओं का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम के समापन पश्चात प्रसाद का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम आयोजकों ने नगर के सभी गणमान्य नागरिक बंधुओं से आग्रह किया है कि स्वर्गीय माधव राव सिंधिया के 76 वे जन्म दिन पर आयोजित पुष्पांजलि सभा एवं भजन संध्या में उपस्थित रहकर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करें। पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता किशन मुदगल, सुरेंद्र शर्मा, श्याम सिंह चौहान, पुरुषोत्तम भार्गव, गुड्डू वारिसी, नवीन परांडे, रामनारायण मिश्रा आदि उपस्थित रहे।