त्रुटिरहित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिये प्रशिक्षण आयोजित
ग्वालियर। जिला कोषालय अधिकारी के साथ तकनीकी अमले द्वारा पेंशन प्रकरणों को तैयार करने के लिये अधिकारी-कर्मचारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट स्थित ई-दक्ष केन्द्र में शुक्रवार को कम्प्यूटर प्रणाली के माध्यम से पेंशन प्रकरणों को तैयार करने के लिये दिया गया। इसमें पेंशन प्रकरण तैयार करने की बारीकियों को दो सत्रों में समझाया गया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा योगेन्द्र सक्सेना, संयुक्त संचालक पेंशन पी के शर्मा, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी प्रमोद सक्सेना, उपसंचालक तकनीकी विक्रम कामले तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। प्रशिक्षण के दौरान कार्यालय प्रमुखों एवं उनके द्वारा प्रशिक्षण के लिये भेजे गए कर्मचारियों से संवाद किया गया। ग्वालियर एवं चंबल संभाग के पेंशन अधिकारी तथा कोष एवं लेखा के संयुक्त संचालक ने पेंशन प्रकरणों के निराकरण में आ रही कठिनाईयों के नियमानुसार निराकरण तथा पेंशन प्रकरण तैयार करने में ध्यान रखने योग्य आवश्यक जानकारी दी गई। संयुक्त संचालक पेंशन श्री शर्मा द्वारा बताया गया कि पेंशन प्रकरणों की अपूर्णत: / त्रुटि के प्रमुख कारण, एम्प्लॉई डाटाबेस अपडेट न होना, नोमिनेशन डिटेल में परिवार के सदस्यों के साथ संबंध, नोमिनेशन प्रतिशत, निवास का पता अंकित न होना, एलपीसी अपडेट न होना, डीए रेट न भरा जाना तथा परिवार पेंशन प्रकरणों को अधिवार्षिकी पेंशन मॉड्यूल के माध्यम से प्रस्तुत करना है। जिसके कारण बार-बार आपत्ति से प्रकरण भेजने की स्थिति निर्मित होती है। सभी उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को उनके द्वारा उठाई गई व्यवहारिक कठिनाईयों का मौके पर ही समाधान किया गया। संभागीय पेंशन अधिकारी द्वारा स्पष्ट शब्दों में अवगत कराया गया कि इन त्रुटियों एवं बिना वेतन निर्धारण अनुमोदन के पेंशन प्रकरण भेजे जाने के फलस्वरूप शासन की छवि धूमिल होती है। अब यदि किसी भी कार्यालय प्रमुख द्वारा दो बार आपत्ति प्रेषित किए जाने के बाबजूद समाधान नहीं किया जाता है तो मध्यप्रदेश कोषालय संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत संबंधित कार्यालय प्रमुख के आहरण एवं संवितरण अधिकार स्थायी रूप से समाप्त किए जाने के लिये प्रतिवेदन शासन को प्रेषित किया जायेगा। प्रशिक्षण सत्र में जिला कोषालय अधिकारी मोतीमहल प्रमोद सक्सेना एवं तकनीकी अमले द्वारा पेंशन प्रकरण तैयार करने की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई एवं प्रशिक्षण के बाद संबंधित कार्यालयों से त्रुटिरहित प्रकरण भेजे जाने की अपेक्षा की गई।