बंगाल सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान
दिल्ली। देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का आज ऐलान हो गया। जिनके नतीजे 2 मई को घोषित किये जायेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोरा ने शुक्रवार शाम पत्रकारवार्ता में पांच राज्यों, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, पांडुचेरी और केरल विधानसभा के लिए होने वाले चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार बंगाल में आठ चरणों में मतदान होगा, इनमें 27 मार्च को पहले चरण, 1 अप्रैल को दूसरे, 6 अप्रैल को तीसरे, 10 अप्रैल को चौथे, 17 अप्रैल को पांचवे, 22 अप्रैल को छठे, 26 अप्रैल को सातवे एवं 29 अप्रैल को आठवें चरण की वोटिंग होगी। असम में तीन चरणों में चुनाव होगा। जिसमें 27 मार्च को पहले, 1 अप्रैल को दूसरे तथा 6 अप्रैल को तीसरे चरण के लिए मतदान होगा। पांडुचेरी, केरल व तमिलनाडु में एक चरण में ही 6 अप्रैल को मतदान होगा। इन विधानसभा चुनावों के नतीजे 2 मई को घोषित किये जायेंगे।