VIDEO: श्रीमंत माधव राव सिंधिया की स्मृति में दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट 26 फरवरी से
ग्वालियर। श्रीमंत माधव राव सिंधिया की स्मृति में पाँचवे दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन म.प्र. व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले 26 एवं 27 फरवरी को किया जाएगा, जिसमें देश के तीन प्रांतों के बीच खिताबी मुकाबले खेले जाएंगे। उक्ताशय की जानकारी एसोसिएशन संरक्षक शिववीर भदौरिया, मध्य प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के कप्तान कबीर सिंह, सहयोगी ओ पी दीक्षित व जंडेल सिंह धाकड़ ने संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता में दी। गुरुवार को जीवाजी क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी मैच के.रूप सिंह स्टेडियम पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में दिव्यांगों की मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और दिल्ली की राज्यस्तरीय टीमें भाग लेंगी। सभी मैच सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक खेले जाएंगे। हरेक मैच 15 ओवर का होगा, जिसमें दिव्यांग खिलाड़ी व्हीलचेयर पर बैठकर मैदान में अपने क्रिकेट कौशल का पूरी दम खम के साथ प्रदर्शन करेंगे।