गंदगी के खिलाफ सतर्क होकर छेड़े अभियान - निगमायुक्त
ग्वालियर। गंदगी हमारे समाज के लिए अभिशाप है, इसलिए गंदगी के खिलाफ सतर्क होकर अभियान छेड़ें और सभी कर्मचारी अब पूरी तत्परता से अपने अपने क्षेत्र में ड्यूटी करें। जो भी व्यक्ति खुले में पेशाब करता हुआ या गंदगी फैलाता हुआ पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने आज रोको टोको अभियान में तैनात कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए गंदगी रोकने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त श्री वर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की तैयारियों के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत रोको टोको अभियान के कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए सोमवार की सुबह बाल भवन बुलाकर सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दीं। इसके तहत उन्होंने स्वच्छता के लिए जागरूकता एवं पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया। निगमायुक्त ने बताया कि स्वछता हमारे लिए बहुत ही आवश्यक है स्वच्छता से जहां वातावरण स्वच्छ रहता है। वहीं बीमारियां भी दूर रहती हैं। इसीलिए हम सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करना चाहिए। निगमायुक्त श्री वर्मा ने उपस्थित कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने अपने क्षेत्र में कार्य करने के लिए रवाना किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव, राजेश श्रीवास्तव नोडल अधिकारी एसबीएम केशव सिंह चौहान सहित सभी वार्ड मॉनिटर एवं क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की तैयारियों को देखते हुए सभी वार्ड मॉनिटर एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित करते हुए कि क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें, कहीं भी कचरा फैला हुआ ना पाया जाए। इसके साथ ही जहां भी डस्टबिन आदि टूटे हुए हैं, उनको बदला जाए, सार्वजनिक शौचालय, मूत्रालय में सभी आवश्यक सुविधाएं और साफ सफाई पर्याप्त हो, इसका सभी ध्यान रखें। आगे निगमायुक्त श्री वर्मा ने विभिन्न आवश्यक जानकारियां सभी अधिकारियों को दी तथा आम जनों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं स्वच्छता सर्वेक्षण की जानकारी देने के निर्देश दिए।