प्रदर्शनी के माध्यम से बताए मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपाय, वार्ड-19 के आंगनबाड़ी केन्द्र पर जन जागरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
ग्वालियर। जिले में मच्छर जनित डेंगू, मलेरिया व अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिये विशेष जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में शनिवार को ग्वालियर शहर के वार्ड-19 के अंतर्गत भगत सिंह नगर के आंगनबाड़ी केन्द्र पर मच्छरों से बचाव पर केन्द्रित एक प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनोज पाटीदार ने मच्छर व लार्वा को नष्ट करने के तरीके बताए। साथ ही स्थानीय निवासियों को अपनी बस्ती व शहर को मलेरिया व डेंगू से मुक्त करने की शपथ भी दिलाई। मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिये जिले में यह अभियान जिला स्वास्थ्य समिति एवं एम्बेड परियोजना फैमिली हैल्थ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है। भगतसिंह नगर के आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित हुए जन जागरण कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों को बताया गया कि मौसम परिवर्तन की वजह से मच्छरों की पैदाइश बढ़ने की संभावना है। इसलिये सभी लोग मच्छरों से बचाव के उपाय जरूर करें। स्थानीय निवासियों से आग्रह किया गया कि अपने घरों व आस-पड़ोस तथा मोहल्लों में लार्वा विनिष्टीकरण के लिये लोगों को जागरूक करें, जिससे अपना जिला डेंगू व मलेरिया मुक्त हो सके। जिला समन्वयक एम्बेड परियोजना श्री विजय मिश्रा ने मच्छर के जीवन चक्र और मच्छर के लार्वा के बारे में एनसीसी कैडेट्स को विस्तार से समझाया। उन्होंने लार्वा समाप्त करने के तरीके भी बताए। लोगों को जानकारी दी गई कि रूके हुए पानी में गम्बूशिया मछली, मिट्टी का तेल व अन्य अनुपयोगी तेल डालने से लार्वा नष्ट हो जाता है। साथ ही यह भी कहा गया कि कूलर, टंकी, गमले, खुली पानी की टंकियों से हर चौथे दिन पानी बदलना चाहिए। साथ ही टायर, टूटे-फूटे बर्तन, मटके व कबाड़ में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए।