रागायन की मासिक संगीत सभा 21 को, तीन सांगीतिक प्रस्तुतियां होंगी
ग्वालियर। शहर की प्रतिष्ठित सांगीतिक एवं सांस्कृतिक संस्था रागायन की मासिक संगीत सभा इस दफा 21 फरवरी रविवार को आयोजित की जा रही है। शाम 4.30 बजे से यहाँ लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की शाला में होने वाली इस सभा की अध्यक्षता रागायन के अध्यक्ष एवं शाला के महंत पूरण वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज करेंगे। रागायन के सचिव पंडित रामबाबू कटारे ने बताया है कि सभा में तीन प्रस्तुतियां होंगी। पहली प्रस्तुति में युवा गायक श्री कुशाल चौहान एवं सुश्री अभिनिष्ठा मिश्रा गायन की जुगलबंदी पेश करेंगे। दोनों ही श्री आरोह कंपूवाले से संगीत की तालीम ले रहे हैं। उनके साथ तबले पर डॉ विनय विन्दे एवं हारमोनियम पर विवेक जैन संगत करेंगे। दूसरी प्रस्तुति में श्री भरत नायक का सितार वादन होगा। उनके साथ भी तबले पर डॉ विनय विन्दे संगत करेंगे। सभा का समापन सुश्री साधना गोरे के ख़याल गायन से होगा। उनके साथ तबले पर श्री संजय राठौर एवं हारमोनियम पर श्री संजय देवले संगत करेंगे।
सभा निर्धारित समय पर शुरू हो जाएगी। सभी संगीत प्रेमियों से आग्रह है कि वे कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए कार्यक्रम में शामिल हों। मास्क जरूर लगाकर आएं साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करें।