केवल उत्सव ही नहीं, भक्ति शक्ति और बलिदान का प्रतीक भी है बसंत पंचमी का त्योहार - महंत रामसेवकदास

ग्वालियर। सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला में आज विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के पावन अवतरण का दिवस बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाला के श्रीमहंत पूरण वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज के सानिध्य में शाला के संतों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ सरस्वती का पूजन एवं अभिषेक किया। इसके साथ ही संगीत वाद्यों का भी पूजन किया गया। मनीष आचार्य एवं मोहित शर्मा ने पूजन विधि सम्पन्न कराई। इस अवसर पर बोलते हुए महंत स्वामी रामसेवक दास जी ने कहा कि आज ही के दिन विद्यादायनी माँ वीणापाणि सरस्वती जी का अवतरण हुआ था। उन्होंने कहा कि आज का दिन ऋतु परिवर्तन का दिन है। ऋतुराज बसंत का आगमन हम सबके मन में एक नए उल्लास और उमंग का संचार तो करता ही है ,हमें आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी केवल उत्सव का ही नहीं बल्कि भक्ति, शक्ति और बलिदान का प्रतीक भी है। इसी दिन भगवान राम ने माता शबरी के अमृततुल्य जूठे बेरों का रसास्वाद किया तो भक्ति की एक अनूठी गाथा का जन्म हुआ । पृथ्वीराज चौहान व वीर हकीकत राय ने जीवन का बलिदान दे कर आज के राष्ट्रजीवन में बसंत की नींव रखी। सद्गुरु राम सिंह जी का जन्म भी इसी दिन हुआ जिन्होंने गौरक्षा के लिए बलिदान की परंपरा को नई ऊंचाई दी। महंत स्वामी रामसेवकदास जी ने सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी और समाज के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर रामदुलारे दास जी रामशरण दास जी, श्रीदास जी, उत्तमदासजी, कामलदासजी, रामदासजी,पंडित रामबाबू कटारे, सुशील कटारे, ऊधम सिंह रामबाबू अग्रवाल, श्रीमती ममता कटारे, शिवराम दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।