VIDEO: संतो ने मांगा किसान का दर्जा, अखिल भारतीय संत समिति की बैठक में पारित हुआ प्रस्ताव

ग्वालियर। किसान आंदोलन के बीच ग्वालियर में संतों ने सरकार से किसान का दर्जा मांगा है। अखिल भारतीय संत समिति की बैठक के बाद यह जानकारी उपस्थित संतों ने सीधा संवाद न्यूज़ बेबसाइट से साझा की। ग्वालियर संभाग के अध्यक्ष बाबा रामसेवकदासजी महाराज ने बताया कि बैठक का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर रामदासजी महाराज की अध्यक्षता में किया गया। अखिल भारतीय संत समिति के बैनर तले आयोजित हुई बैठक में पांच बिंदुओं का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। जिसमें संतो को किसान का दर्जा दिए जाने, पुजारियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दायरे में लाने, मंदिरों की जमीन की फसलों के लिए प्राकृतिक आपदा का मुआवजा देने, सरकारी जमीन पर 20 साल पुराने मंदिरों के संतों को मालिकाना हक दिए जाने आदि की मांग शामिल हैं। इन्हीं मांगों को लेकर समिति अब जल्द ही प्रदेश सरकार को मांग पत्र सौपेगी। बैठक में प्रदेशभर से आये संत बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।