जनभागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है – संभाग आयुक्त श्री सक्सेना

ग्वालियर। जनभागीदारी से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और जन उपयोगी बनाया जा सकता है। सामाजिक संगठन और समाज हित में कार्य करने वाले व्यक्ति इसके लिये आगे आएँ। इससे समाज को नई प्रेरणा मिलेगी। इस आशय के उदगार संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने सरकारी अस्पतालों के कायाकल्प के उद्देश्य से शुरू किए गए “एक सामाजिक पहल अभियान” की रूपरेखा को लेकर आयोजित हुई बैठक में व्यक्त किए। इस अभियान के तहत संभाग आयुक्त के प्रतिनिधि के रूप में अपर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी हर सोमवार को समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ सरकारी अस्पताल के कायाकल्प के लिये पहुँचेंगे। जीआर मेडीकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित हुई इस बैठक में कमिश्नर श्री सक्सेना ने कहा कि समाज की भागीदारी से अस्पतालों को साफ-सुथरा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये सामाजिक पहल नाम से इस वृहद अभियान की शुरूआत की जा रही है। इसमें सामाजिक संगठन प्रत्येक सोमवार को अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिये पहुँचेंगे। सामाजिक संगठन सोमवार के दिन अस्पताल के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में भी योगदान देंगे। श्री सक्सेना ने बैठक में मौजूद सामाजिक संस्थाओं का आह्वान किया कि वे इस अभियान के लिये अपना पंजीयन कराएँ। संभाग आयुक्त की पहल पर आगामी 26 सोमवार तक अपनी सेवायें देने के लिये सामाजिक संस्थाओं ने स्वैच्छिक पंजीयन करा लिया है। सामाजिक संगठनों के सहयोग से अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, बाग-बगीचों का रख-रखाव, कोविड गाइडलाइन का पालन, प्रकाश व्यवस्था, संकेतकों का सही स्थानों पर प्रदर्शन, पेयजल एवं शौचालयों की उचित व्यवस्था, मरीजों को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा दिलाना, बायोमेडीकल कचरे का उचित प्रबंधन, चिकित्सक एवं पैरामेडीकल स्टाफ की समय पर उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, लाभान्वितों को समय-सीमा में भुगतान इत्यादि काम कराए जायेंगे। अस्पतालों की कायाकल्प के लिये शासन से प्राप्त बजट, रेडक्रॉस, रोगी कल्याण मद, विभिन्न विभागों से प्राप्त धनराशि, स्वयंसेवी संस्थाओं व जनभागीदारी, आयुष्मान योजना की प्रतिपूर्ति इत्यादि संसाधनों से धनराशि जुटाई जायेगी। संभाग आयुक्त श्री सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. एस एन अयंगर, अपर जिला दण्डाधिकारी श्री आशीष तिवारी एवं जेएएच के अधीक्षक डॉ. आर के एस धाकड़ तथा विभिन्न समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री धर्मेन्द्र दीक्षित ने किया।