डबरा में बिजली कंपनी ने पोस्टर-बैनर लगाकर बड़े बकायादारों के नाम किये सार्वजनिक
ग्वालियर। बिजली बिल नहीं जमा करने वालों के खिलाफ कंपनी ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। कंपनी अब उन उपभोक्ताओं के नाम सार्वजनिक कर रही है जिन पर 9 नौ लाख रुपये से ज्यादा की राशि बकाया है। ऐसे बकायादारों के नामों के बैनर, पोस्टर व होर्डिंग मुख्य मार्गों और चौराहों पर लटकाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं इनके बिजली कनेक्शन काटने के बाद रात में इनके घर की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी ताकि यह किसी अन्य तरीके से बिजली का उपभोग नहीं कर सकें।
डबरा की सड़कों पर ऐसे बैनर, पोस्टर व होर्डिंग अब जगह जगह देखे जा रहे हैं, जिन पर बकायादारों के नाम, पते और राशि का उल्लेख किया गया है। शुक्रवार को अधिकारियों ने खुद की मौजूदगी में ऐसे ही पोस्टर-बैनर सड़क पर लतवाये। बिजली कंपनी के असिस्टेंट इंजीनियर पीयूष दिलोदरे बताते हैं कई दफा सूचना दिए जाने के बाद भी 20 ऐसे बड़े बकायादार हैं जिन्होंने अपना भारी भरकम बिल नहीं जमा कराया है। ऐसे उपभोक्ता नौ लाख रूपये से ज्यादा के बिल बकाया हैं उनके नाम आदि के बैनर, पोस्टर व होर्डिंग शहर के चौक-चौराहों पर लटकाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं कंपनी इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के बाद इनके घर की वीडियोग्राफी भी कराएगी ताकि ऐसे लोग किसी अन्य माध्यम से बिजली का उपभोग नहीं कर सकें।