महिला क्रिकेट के प्रति उदासीन जिम्मेदार, सीनियर डिवीजन टीम की ट्रायल स्टेडियम छोड़ क्रिकेट परिसर में

ग्वालियर। ग्वालियर सीनियर डिवीजन महिला क्रिकेट टीम को आगामी इंदौर में टूर्नामेंट खेलना है और इसी के मद्देनजर माधव राव सिंधिया क्रिकेट परिसर में चार दिवसीय ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। ट्रायल के लिए खिलाड़ियों को कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराया जाना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है। जबकि बीते रोज ही स्टेडियम का इस्तेमाल सर्राफा बाज़ार व्यापारी संघ ने मैत्री मैच खेलने के लिए किया था। चार दिवसीय ट्रायल के दूसरे दिन यानी बुधवार को 25 महिला खिलाड़ी कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के समीप स्थित माधव राव सिंधिया क्रिकेट परिसर पहुचीं। इस दौरान तीन सिलेक्टर मौजूद थे, इनमें अजय तायल, मधुराज शर्मा और हेमा राजनगांवकर शामिल थे। जानकारी के मुताबिक सीनियर डिवीजन महिला क्रिकेट टीम के लिए 15 खिलाड़ियों का चयन होना है। इसमें ग्वालियर संभाग के अन्य जिलों से महिला खिलाड़ियों को हिस्सा लेने पहुचना है लेकिन अभी तक ग्वालियर के अलावा किसी अन्य जिले से कोई महिला क्रिकेटर शामिल होने नहीं पहुचा है। ट्रायल में मौजूद सभी 25 खिलाड़ी ग्वालियर की बताई जा रहीं हैं। उम्मीद है गुरुवार को संभाग के अन्य जिलों से भी खिलाड़ी भाग लेने आएंगे और सीनियर डिवीजन महिला क्रिकेट टीम के लिए दावेदारी देंगे। हैरानी की बात है कि ट्रायल का आयोजन कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम की बजाए समीप स्थित माधव राव सिंधिया क्रिकेट परिसर में किया जा रहा है। चूंकि मंगलवार से शुरू हुई ट्रायल के पहले रोज कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में सर्राफा बाजार व्यापारियों का मैत्री मैच आयोजित किया गया था। माना जा रहा है कि मैत्री मैच होने के चलते ट्रायल के लिए स्थान परिवर्तित किया गया। ऐसे में जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली कटघरे में है और खेल प्रेमी दबी जुबान से जिम्मेदारों के रवैये को महिला क्रिकेट के प्रति उदासीन ठहरा रहे हैं।