VIDEO: महाआरती के साथ गोडसे ज्ञान शाला का शुभारंभ, हिमस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ जयवीर भारद्वाज बोले, गाँधी का नहीं जिन्ना का प्रतिकार करना चाहते थे नाथूराम गोडसे
ग्वालियर। अखिल भारत हिंदू महासभा जिला ग्वालियर द्वारा आज हिंदू महासभा भवन दौलत गंज ग्वालियर में गोडसे ज्ञानशाला का नामकरण उद्घाटन वैदिक गायत्री मंत्रों के उच्चारण के साथ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ जयवीर भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में एवं मुख्य वक्ता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश नारायण शर्मा तथा हिन्दू महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उक्त जानकारी प्रेस रिलीज के माध्यम से अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष हरिदास अग्रवाल ने दी। प्रेस रिलीज के अनुसार मुख्य अतिथि की आसंदी से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिमस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ जयवीर भारद्वाज ने कहा कि देश की हुतात्मा नाथूराम गोडसे, गांधी का नहीं जिन्ना का प्रतिकार करना चाहते थे। इस मौके पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी ने कहा कि लाखों हिन्दुओं की हत्या की जिम्मेदार कांग्रेस थी। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मंचासीन प्रदेश संगठन मंत्री लालजी शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी का वध लाखों हिंदुओं की हत्या और हिन्दू औरतों के बलात्कार का प्रतिकार था। इससे पहले गोडसे ज्ञान शाला का शुभारंभ करते हुए हुतात्मा नाथूराम गोडसे के प्रेरणा स्रोत रहे गुरु तेग बहादुर सिंह जी, गुरु गोविंद सिंह जी एवं उनके चारो साहबजादे शहीद अजीत सिंह, शहीद जुझार सिंह, शहीद जोरावर सिंह और शहीद फतेह सिंह, महाराणा प्रताप सिंह, छत्रपति शिवाजी महाराज, महामना मदनमोहन मालवीय जी, लाला लाजपत राय, स्वामी श्रद्धानंद जी, वीर सावरकर जी, डॉ हेडगेवार, पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सहित हुतात्मा नाथूराम गोडसे जी के चित्र पर माल्यार्पण कर महाआरती की गई। कार्यक्रम में डॉ जयवीर भारद्वाज, विनोद जोशी, लालजी शर्मा, मनोज जाटव, मुकेश बघेल, हरिदास अग्रवाल, लोकेश शर्मा, कुश बघेले, विनीत श्रीवास्तव, संजय शर्मा, निखिल पांडेय, लक्ष्मण बघेल, बंटी गुर्जर, हेमंत काकर, आरती सूर्यवंशी, ममता शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।