'मित्र हो तो सुदामा जैसा' - पं. घनश्याम शास्त्री जी महाराज
ग्वालियर। मित्र हो तो सुदामा जैसा। यह बात पारदी मोहल्ला बालाजी दरबार में आयोजित हो रही श्रीमद् भागवत कथा के सप्तम दिवस पर पं. श्री घनश्याम शास्त्री जी महाराज ( रिठोरा कला वाले) ने कही। शुक्रवार को इस अवसर पर पं.श्री घनश्याम शास्त्री जी महाराज ने बताया कि सुदामा से परमात्मा ने मित्रता का धर्म निभाया। राजा के मित्र राजा होते हैं रंक नहीं, पर परमात्मा ने कहा कि मेरे भक्त जिसके पास प्रेम धन है वह निर्धन नहीं हो सकता। कृष्ण और सुदामा दो मित्र का मिलन ही नहीं जीव व ईश्वर और भक्त व भगवान का मिलन था। जिसे देखने वाले अचंभित रह गए थे। आज मनुष्य को ऐसा ही आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। शास्त्री जी ने कहा कि कृष्ण और सुदामा जैसी मित्रता आज कहां है ? यही कारण है कि आज भी सच्ची मित्रता के लिए कृष्ण-सुदामा की मित्रता का उदाहरण दिया जाता है। द्वारपाल के मुख से पूछत दीनदयाल के धाम, बतावत आपन नाम सुदामा, सुनते ही द्वारिकाधीश नंगे पांव मित्र की आगवानी करने पहुंच गए। लोग समझ नहीं पाए कि आखिर सुदामा में क्या खासियत है कि भगवान खुद ही उनके स्वागत में दौड़ पड़े ? श्रीकृष्ण ने स्वयं सिंहासन पर बैठाकर सुदामा के पांव पखारे। इस मौके पर कृष्ण-सुदामा चरित्र प्रसंग सुनते ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।उन्होंने आगे बताया कि श्रद्धा के बिना भक्ति नहीं होती तथा विशुद्ध हृदय में ही भागवत टिकती है। भगवान के चरित्रों का स्मरण, श्रवण करके उनके गुण, यश का कीर्तन, अर्चन, प्रणाम करना, अपने को भगवान का दास समझना, उनको सखा मानना तथा भगवान के चरणों में सर्वश्व समर्पण करके अपने अन्त:करण में प्रेमपूर्वक अनुसंधान करना ही भक्ति है। इस दौरान बालाजी दरबार के महंत नरेंद्र मिश्रा जी एवं मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं भाजपा नेत्री अंजलि रायजादा पूर्व पार्षद, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष वीर सिंह तोमर, अरुण कुशवाह, ब्रजेश शर्मा, देवेंद्र प्रजापति जी, मनीष शर्मा, रामू शर्मा, हरिओम शर्मा मोहित, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।