सीटू और एटक ने किया किसान आंदोलन का समर्थन, जुलूस निकालकर सौंपा संभागायुक्त को ज्ञापन

ग्वालियर। सीटू और एटक ने आज फूलबाग चौराहे पर आयोजित हो रहे किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए जुलूस निकालकर राष्ट्रपति के नाम संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल कार्यकर्ता केंद्र सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। आपको बता दें कि फूलबाग चौराहे पर आयोजित हो रहे किसान आंदोलन धरना प्रदर्शन का गुरुवार को आठवां दिन रहा। धरने पर बैठे किसान हितैषी संगठनों की मांग है कि केंद्र सरकार तीनों नए कृषि कानून वापस ले। किसान आंदोलन को समर्थन देते हुए आज सीटू और एटक ने संयुक्त रूप से फूलबाग चौराहे से जुलूस निकाला। जो शहर मुख्य मार्गों से होता हुआ संभागायुक्त कार्यालय मोती महल पहुचा और प्रदर्शन किया। इस दौरान जुलूस में शामिल कार्यकर्ता केंद्र सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे और तीनों नए कृषि कानूनों को काला कानून बताते हुए वापस लेने की मांग कर रहे थे। संभागायुक्त कार्यालय पहुचकर सीटू नेता भगवान दास सैनी, जिला अध्यक्ष कमलेश शर्मा और महासचिव एमके जायसवाल, एटक नेता हरिशंकर माहौर तथा अशोक पाठक ने संबोधित किया। जुलूस में सीटू नेता मनोज शर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में सीटू की जिला इकाई के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस मौके पर जुलूस में शामिल वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों के लिए बनाए गए तीनों किसान विरोधी काले कानून वापस लिए जाएं, बिजली बिल 2020 रद्द किया जाए और श्रमिकों के लिए पूर्व से बने कानून जो समाप्त किए जा रहे हैं उन्हें समाप्त करने के बजाय उन पर तत्काल प्रभाव से अमल किया जाए। साथ ही श्रमिकों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने से रोका जाए। ज्ञापन देने वाले नेताओं ने ने दावा किया है कि मजदूर वर्ग पूरी ताकत के साथ किसानों के साथ है। सीटू और एटक ने किसान आंदोलन को समर्थन करते हुए कहा है कि जब तक सरकार काले कानून वापस नहीं लेती मजदूर वर्ग किसानों के साथ आखरी दम तक संघर्ष करेगा।