गिर्राज पूजन से मिटते हैं कष्ट - पं. श्री घनश्याम शास्त्री
ग्वालियर। गिर्राज पूजन करने से कष्ट मिटते हैं। यह बात पं.श्री घनश्याम शास्त्री ने बालाजी दरबार पारदी मोहल्ला शिंदे की छावनी में आयोजित हो रही श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस पर अपने प्रवचन में कही। बुधवार को इस अवसर पर पंडित श्री घनश्याम शास्त्री महाराज रिठौरा कला वाले ने बताया कि जो गोवर्धन की पूजा करता है उसके सभी कष्ट मिट जाते हैं। इस दिन गेहूं, चावल जैसे अनाज, बेसन से बनी कढ़ी और पत्ते वाली सब्जियों से बने भोजन को पकाया जाता है और भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया जाता है। पूजा वाले दिन घर के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन नाथ की प्रतिमा बनाई जाती है। इसके बाद रोली, चावल, खीर, बताशे, जल, दूध, पान, केसर, फूल, दीपक आदि जलाकर पूजन करें और गोबर से बनाए गए गोवर्धन की परिक्रमा करें। तदुपरांत ब्रज के देवता गिरिराज भगवान को प्रसन्न करने के लिए अन्नकूट भोग लगाएं। अन्नकूट में 56 प्रकार के खाद्य पदार्थ शामिल किए जाते हैं। इस दिन प्रदोष काल (शाम के समय) में विधि-विधान से श्रीकृष्ण भगवान की पूजा की जाती है, साथ ही गोवर्धन पूजा के दिन गाय की पूजा कर उसे गुड़ और हरा चारा खिलाना शुभ माना जाता है। गोवर्धन पूजा दुनिया भर में मनाई जाती है, लेकिन क्या आपको पता है गोवर्धन पूजा क्यों मनाई जाती है ? इसकी शुरुआत कहाँ से हुई ? और कन्हैया को गिरिराज धरण क्यों कहा जाता है ? श्री कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा के ब्रज में कृष्ण ने अनेकों लीलाएं की हैं। सभी लीलाएं उनके बाल्यकाल की हैं, इसलिए ब्रज को स्वर्ग का हिस्सा माना जाता है। इसे वृंदावन धाम और ब्रजधाम भी कहा जाता है। श्री कृष्ण की तमाम लीलाओं में गोवर्धन पूजा जाता है कि एक दिन बाल्यकाल में नटखट कान्हा ग्वालबालों के साथ खेल कर घर आए तो मां यशोदा घर में पकवान बना रही थीं। कृष्ण ने मां यशोदा से पूछा कि इतने तरीके के पकवान और व्यंजन किसके लिए तैयार कर रही हो ? मुझे भी खाना है। इस पर यशोदा मां ने बताया कि यह पकवान स्वर्ग के देवता इंद्र के लिए हैं, पहले उन्हें भोग लगाया जाएगा उसके बाद ही बाकी लोगों को खाना खिलाया जाएगा, नहीं तो इंद्र देव नाराज हो जाएंगे और बारिश नहीं होगी। जिससे जमीन बंजर हो जायेगी और लोगों को अनाज नहीं मिलेगा। इस पर 7 साल के कान्हा ने अपनी मां से पूछा क्या आपने कभी इंद्र देवता को देखा है ? इस पर मां ने कहा नहीं, मैनें तो नहीं देखा है, लेकिन उनकी वजह से ही ब्रज में हरियाली है और वही वर्षा करते हैं, इसलिए सभी ब्रजवासी अपने-अपने घरों में पकवान बना रहे हैं। कान्हा ने कहा मां इस बार आप मेरे भगवान की पूजा करो जो आपको दिखाई भी देगा और आप से पकवान भी मांग कर खायेगा। कन्हैया ने अपनी यह बात नंदबाबा और ब्रज के सभी लोगों के सामने रखी। जिस पर सभी ने कहा कि कई वर्षों से हम इंद्र की पूजा करते रहे हैं, इस बार कृष्ण के देवता की पूजा करेंगे। जिससे खुश होकर अधिक वर्षा होगी। श्री कृष्ण सभी ब्रजवासियों को लेकर गिरिराज पर्वत के सामने खड़े हो गए। वहां पहुंचकर सभी ने कृष्ण से उनके देवता के बारे में पूछा, तभी कान्हा ने आवाज लगाई और कहा गोवर्धन नाथ सभी ब्रजवासी आपको भोग लगाने को पकवान और व्यंजन लाए हैं। तभी गिरिराज पर्वत में से श्रीगोवर्धन नाथ जी ने देवता के रूप में सभी को दर्शन दिए और सभी लोगों से पकवान मांग कर खाया। सभी ने अपने हाथों से गोवर्धन महाराज को भोग लगाया, जिसके बाद सभी ब्रजवासी खुश हो गए। लेकिन जब ये बात इंद्र देव को पता लगी तो वह नाराज हो गए। इंद्र ने कहा कि एक 7 साल के बालक के कहने पर ब्रजवासियों ने मेरी पूजा न करके एक पर्वत की पूजा की। क्रोध में आकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी, जिससे डरे ब्रजवासी कान्हा के पास गए और कहा कि अब तुम ही हमारी रक्षा करो। हमने तुम्हारे कहने पर इंद्र की पूजा नहीं की। तब कृष्ण ने सब को गोवर्धन पर्वत पर चलने को कहा। सभी गोवर्धन पर्वत पहुंचे. जहां भयभीत ब्रजवासियों को देख श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी तर्जनी उंगली पर उठा लिया और संपूर्ण गोकुल वासियों को इंद्र के प्रकोप से बचा लिया। गुस्साए इंद्र ने ब्रज में 7 दिन और 7 रात मूसलाधार बारिश की। शास्त्री जी ने आगे बताया कि जब इंद्र के पास जल समाप्त हो गया तो उन्होंने सोचा कि अब तक तो ब्रज खत्म हो गया होगा। यह देखने जब इंद्र ब्रजभूमि पर आए तो देखा यहां तो धूल मिट्टी उड़ रही है। वहीं कृष्ण 21 किमी. में फैले विशाल गिरिराज पर्वत को उंगली पर उठाये हुए थे।
इस नजारे को देख इंद्र श्री कृष्ण के पैरों में गिर गए। उन्हें मनाने के लिए कृष्ण को ऐरावत हाथी व अन्य कई वस्तुएं भेंट की, लेकिन कृष्ण नहीं माने। फिर इंद्र ने नारद जी की सलाह पर सुरभि गाय भेंट की और क्षमा मांगी। गोवर्धन पर्वत उठाने के बाद जब कृष्ण से ब्रजवासियों ने पूछा कि इतना विशाल और भारी गिरिराज पर्वत तुमने कैसे उठा लिया तो कान्हा ने मुस्कुराकर जवाब दिया "कछु माखन को बल बढ्यो, कछु गोपन करी सहाय, राधा जी की कृपा से गिरवर लिया उठाय''। इसी कारण द्वापर युग से लेकर आज तक गोवर्धन पूजा की यह परंपरा चली आ रही हैं। इस अवसर पर बालाजी दरबार के महंत नरेंद्र मिश्रा पप्पी महाराज एवं मुख्य अतिथि के रुप में अभय चौधरी पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा एवं धर्मेन्द्र मिश्रा एवन ट्रैवल्स के संचालक, एफबी किंग संजीव शर्मा मौजूद रहे। गुरुवार को दो कन्याओं की शादी रुक्मणी मंगल के अवसर पर संपन्न होगी। साथ ही दोपहर 2 बजे राम मंदिर से बारात निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर पहुचेगी।