अत्याचार बढ़ने पर प्रभु लेते हैं अवतार - पं. घनश्याम शास्त्री

ग्वालियर। अत्याचार बढ़ने पर प्रभु अवतार लेते हैं। यह बात शिंदे की छावनी पारदी मोहल्ला बालाजी दरबार में आयोजित हो रही श्रीमद्भागवत कथा में प्रवचन देते हुए पं. श्री घनश्याम शास्त्री जी रिठौरा वाले ने कही। मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर पं. श्री घनश्याम शास्त्री जी रिठौरा कला बाले ने बताया कि समाज में अत्याचार ज्यादा बढ़ने पर प्रभु भगवान श्री कृष्ण अवतार लेते हैं। श्रीकृष्‍ण का जीवन ही संघर्ष से शुरू हुआ। लेक‍िन इसकी श‍िकन कभी उनके चेहरे पर नहीं द‍िखी। वह हमेशा मुस्‍कराते हुए बंशी बजाते रहते थे और दूसरों की भी समस्‍याओं को ऐसे ही मुस्‍कराते हुए सुलझाने की सीख देते थे। ऐसे मुरली मनोहर के जन्‍म की रात 5 अनोखी घटनाएं हुई थीं। उन्होंने इनके बारे में व‍िस्‍तार से कहा कि जब भगवान कृष्ण का जन्म हुआ तो जेल के सभी संतरी योगमाया द्वारा गहरी नींद में सो गए। इसके बाद बंदीगृह का दरवाजा अपने आप ही खुल गया। उस वक्त भारी बारिश हो रही थी। वासुदेवजी ने नन्हें कृष्ण को एक टोकरी में रखा और उसी भारी बार‍िश में टोकरी को लेकर वह जेल से बाहर निकल गए। वासुदेवजी मथुरा से नंदगांव पहुंच गए, लेक‍िन उन्‍हें इस घटना का ध्‍यान नहीं था। श्रीकृष्‍ण के जन्‍म के समय भारी बार‍िश हो रही थी। यमुना नदी उफान पर थी। वसुदेवजी कन्‍हैया को टोकरी में लेकर यमुना नदी में प्रवेश कर गए और तभी चमत्कार हुआ। यमुना के जल ने कन्‍हैया के चरण छुए और फिर उसका जल दो हिस्सों में बंट गया और इस पार से उस पार रास्ता बन गया। उसी रास्‍ते से वसुदेवजी गोकुल पहुंच गए। कथा के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला बाजपेई एवं बालाजी दरबार के महंत पप्पी महाराज जी एवं एफबी किंग संजीव शर्मा तथा बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।