Short film video: यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा तैयारी कराई गई 5 शॉर्ट वीडियो फिल्मस को आईजी एवं एसपी ग्वालियर ने किया जारी
ग्वालियर। शहरवासियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्वालियर जोन के आईजी और एसपी ने 5 शॉर्ट वीडियो फिल्मस जारी कीं। इन फिल्मों में बेहद मार्मिक, व्यवहारिक और विधिक रूप से यातायात नियमों का पालन करने सबंधी आवश्यक जानकारी दी गई है। इन शॉर्ट फिल्म्स को यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा तैयार कराया गया है। रविवार को पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार ग्वालियर में पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अविनाश शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सांघी की उपस्थिति में यातायात जागरूकता संबंधी 5 शॉर्ट वीडियो फिल्म्स जारी की गईं। जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देशानुसार यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा अति.पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज पाण्डेय के मार्गदर्शन में यातायात नियमों का पालन करने संबंधी 5 शॉर्ट वीडियो फिल्म्स तैयार कराई गई हैं। इन शॉर्ट फिल्मस को तैयार कराने का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में यातायात के प्रति जागरूकता लाना है। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन एवं पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के समक्ष शॉर्ट वीडियो फिल्म्स की सीडी को जारी किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने कहा कि यातायात पुलिस ग्वालियर का यह एक सराहनीय प्रयास है। यातायात सुधार के लिये आमजनता की सहभागिता भी आवश्यक है, केवल चालानी कार्यवाही से यातायात में सुधार लाना संभव नहीं है। इसके लिये लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, तभी यातायात में सुधार हो सकेगा। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा तैयार कराई गई शॉर्ट वीडियो फिल्म्स को जारी करने का उद्देश्य आम लोगों में यातायात के प्रति जागरूकता लाना है। आज लोगों को यातायात के नियमों का पालन कर अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा करनी चाहिए। उन्होने उपस्थित मीडिया से कहा कि आपके सहयोग के बिना यातायात जागरूकता अभियान सफल नहीं हो सकता। इसलिए आप भी इस अभियान में यातायात पुलिस का सहयोग करें। कार्यक्रम के आरंभ में अति. पुलिस अधीक्षक यातायात ने स्वागत उद्बोधन दिया और जारी की गई शॉर्ट वीडियो फिल्म्स के संबंध में उपस्थित मीडियाकर्मियों को जानकारी दी। उन्होने बताया कि 19 दिसम्वर 2020 को जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक के बाद शहर भ्रमण कर यातायात सुधार हेतु प्रयास किये गये। इसी कड़ी में झांसीरोड पर वीडियो कोच बस स्टेण्ड शुरू कराया गया, मोतीमहल रोड को टू वे कर जाम से मुक्ति दिलाने के प्रयास किये गये। गोले का मन्दिर के पास मंगाराम फैक्ट्री के सामने बस स्टेण्ड प्रारम्भ किया गया। उन्होने आगे बताया कि यातायात पुलिस, प्रशासन के सहयोग से शहर में यातायात के सुचारू संचालन के लिये कार्य कर रही है, लेकिन इसके लिये मीडिया व जनता का सहयोग अति आवश्यक है। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अविनाश शर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सांघी, अति. पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज पाण्डेय, डीएसपी यातायात नरेश बाबू अन्नोटिया, विक्रम सिंह कनपुरिया सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।