JAH के ब्लड बैंक कर्मियों ने 3 ब्लड डोनर दलाल पकड़ने का किया दावा, देखें वीडियो
ग्वालियर। जयारोग्य चिकित्सालय समूह के ब्लड बैंक से कर्मचारियों ने ब्लड डोनर दलाल पकड़ने का दावा किया है। पकड़े गए युवकों की संख्या तीन बताई गई जा रही है जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गौरतलब है कि प्लाज्मा कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जयारोग्य चिकित्सालय समूह में ब्लड बैंक के कर्मचारियों ने तीन ब्लड डोनर दलालों को पकड़ने का दावा किया है। ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन योगेंद्र सिंह परमार के मुताबिक अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर के एस धाकड़ के निर्देश पर ब्लड डोनर को लेकर खासी सतर्कता बरती जा रही है। ब्लड बैंक के समीप आज जब तीनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं गईं तो उन्हें पकड़ लिया गया। लैब टेक्नीशियन ने पकड़े गए दलालों पर आरोप लगाया है कि ये मरीज के परिजन से 2 से 4 हज़ार रुपये ब्लड डोनेट करने के नाम पर लेते थे। तीनों युवकों को पकड़ने के बाद कम्पू पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं पकड़े गए युवकों ने ब्लड बैंक कर्मियों को बताया है कि एक मरीज के परिजन ने उनसे ब्लड देने के बदले 2 हज़ार रुपये देने का लालच दिया था, जिसके बाद वे ब्लड देने आए थे। उधर इस बारे में जब कम्पू थाना प्रभारी से मोबाइल पर सम्पर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे बात नहीं हो सकी।