VIDEO: धरना देने कलेक्टोरेट पुहुचे किसानों की हुई पुलिस से तीखी नोकझोंक, लहराई लाठी

ग्वालियर। तीन नए कृषि कानून के विरोध में डबरा-भितरवार और ग्वालियर के किसानों ने आज कलेक्टोरेट का घेराव किया। घेराव कर दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक हुई,बैरीकेट्स गिराकर प्रदर्शनकारी आगे बढ़ना चाहते थे लेकिन पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर रोक दिया। किसान नेताओं का दावा है पुलिस द्वारा बलपूर्वक रोकने के चलते कुछ किसान चोटिल हुए हैं। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने चोटिल किसानों का इलाज कराने का आश्वासन दिया है। किसान आंदोलन के तहत सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जिला मुख्यालय पर किसान संगठनों द्वारा धरना दिया गया। इसी तारतम्य में डबरा-भितरवार और ग्वालियर के किसान ट्रेक्टर-ट्रॉलियों और चार पहिया वाहनों में सवार होकर ओहदपुर स्थित न्यू कलेक्टोरेट पहुचे। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के विरोध में जमकर नारेबाजी कर रहे थे। इससे पहले किसानों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे। कलेक्टोरेट के प्रवेश द्वार पर वैरिकेट्स लगाए गए थे, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुचे किसानों ने वैरिकेट्स गिराकर कलेक्टोरेट के प्रवेश द्वार में घुसने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस कर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर रोक दिया। इस दौरान कलेक्टोरेट में घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद प्रदर्शनकारी किसान धरने पर बैठ गए व शाम 5 बजे तक धरना दिया। धरने के बाद प्रदर्शकारी किसानों ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। धरना दे रहे किसान नेता गुलाब सिंह रावत का कहना है कि तीनों नए कृषि कानून किसान विरोधी हैं और काले कानून के समान हैं। वे इन कानूनों के विरोध में धरना देने आए थे लेकिन पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। उनकी मांग है कि लाठीचार्ज करने वाले आरोपी पुलिसकर्मियों पर FIR की जाए। वही किसानों के आरोपों के बारे में जब एडीएम किशोर कान्याल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि कुछ लोगों ने ट्रेक्टर-ट्रॉली लेकर कलेक्टोरेट में घुसने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें रोक दिया। किसानों के चोटिल होने के सवाल पर एडीएम बोले अगर कोई चोटिल हुआ है तो उसका इलाज कराया जाएगा।